क्रिकेट

IND vs SL: पहले दिन लंच तक भारत ने दो विकेट खोकर बनाए 88 रन, यशस्वी जायसवाल अर्धशतक से चूके

भारत ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच ब्रेक तक दो विकेट पर 88 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान शुभमन गिल 11 और देवदत्त पडिक्कल 13 रन बनाकर नाबाद हैं।
2 min read
Aug 23, 2026
IND vs SL
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट कोलंबो में खेला जा रहा है (photo - IANS)

Yashasvi Jaiswal Sri Lanka vs India, 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच के पहले दिन का लंच हो गया है और टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने दो विकेट खोकर 88 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर कप्तान शुभमन गिल 11 और देवदत्त पडिक्कल 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।

भारत को जल्द लगे दो झटके

भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत को 37 के स्कोर पर पहला झटका लगा। केएल राहुल 33 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लाहिरू कुमारा ने विकेटकीपर डिकवेला के हाथों कैच कराया। इसके बाद 66 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। यशस्वी जायसवाल को असिथा फर्नांडो के बोल्ड किया। वह 53 गेंद में नौ चौके की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए।

पहले सेशन में 25 ओवर का खेल हुआ और भारत ने 88 रन बनाए। इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत की तरफ से सारांश जैन ने डेब्यू किया है।

सारांश का डेब्यू, कुलदीप बाहर

33 साल के सारांश जैन घरेलू क्रिकेट में एक लंबा समय बिताने के बाद अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर रहे हैं। उन्हें रवींद्र जडेजा ने डेब्यू दिया। सारांश बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाहिने हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं।

उन्हें कुलदीप यादव की जगह टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने एक्स पर लिखा, "कुलदीप यादव अपनी वायरल बीमारी से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। हालांकि, अगर जरूरत पड़ी तो वह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतर सकते हैं।"

कुलदीप यादव गॉल टेस्ट का हिस्सा थे और सिर्फ 1 विकेट ले सके थे। माना जा रहा था कि उन्हें कोलंबो टेस्ट से बाहर रखा जा सकता है और ऑफ स्पिनर के रूप में किसी सारांश को मौका मिल सकता है। हालांकि, बीसीसीआई ने कुलदीप की बीमारी को उनके प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने की वजह बताई है।

Updated on:
23 Aug 2026 12:49 pm
Published on:
23 Aug 2026 12:13 pm