पलामू जिले में माओवादियों ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय को बम से उड़ा दिया। प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के 12 उग्रवादियों ने घटना को अंजाम दिया। उग्रवादी भाकपा माओवादी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए बिहार की ओर फरार हो गए।
नई दिल्ली। झारखंड राज्य के पलामू जिले से बड़ी घटना सामने आई है। नक्सल प्रभावित इस इलाके में माओवादियों ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय को बम से उड़ा दिया। घटना पलामू के हरिहरगंज से जुड़़ी है। जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के 12 उग्रवादियों ने गुरुवार देर रात इस दिल दहलाने वाली घटना को अंजाम दिया। बम धमाके के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। लोगों की मानें तो घटना को अंजाम देने के बाद उग्रवादी भाकपा माओवादी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए बिहार की ओर फरार हो गए।
लोकसभा चुनाव 2019 चुनाव के बीच यह अब तक की सबसे बड़ी घटना मानी जा रही है। हालांकि इस बम धमाके में किसी के मारे जाने की खबर सामने नहीं आई है। पुलिस जानकारी के अनुसार उग्रवादियों ने पुराना बस स्टैंड स्थित भाजपा चुनावी कार्यालय को अपना निशाना बनाया। लोकसभा चुनाव के बीच झारखंड में यह पहली बड़ी घटना बताई जा रही है। अब तक जानकारी के मुताबिक भाजपा ने राष्ट्रीय राजमार्ग- 98 पर बस स्टैंड के पास एक चुनावी कार्यालय बनाया हुआ था। पालमू का यह क्षेत्र सीमावर्ती राज्य बिहार से सटा हुआ है। यहां चौंकाने वाली बात यह भी है कि पुलिस थाना घटनास्थल से केवल 400 मीटर की दूरी पर ही है। माना जा रहा है कि उग्रवादियों ने रात में अंधेरा का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। आपको बता दें कि यह इलाका लंबे समय से नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है।
इससे पहले भी नक्सली यहां कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पिछले कुछ सालों की बात करें तो नक्सलियों ने यहां सरकारी भवनों तक को बम धमाके से उड़ा दिया। गौरतलब है कि पलामू से भारतीय जनता पार्टी के सांसद वीडी राम एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। वीडी राम राज्य के पूर्व पुलिस महानिदेशक रह चुके हैं।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.