
Datia Political News- मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा में उपचुनाव की हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के लिए इस बार प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुके दतिया उपचुनाव में उम्मीदवारों के नाम का ऐलान अब औपचारिकता ही रह गई है। भाजपा ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का सिंगल नाम भेजा है। वहीं कांग्रेस भी पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के परिवार से किसी को मैदान में उतार सकती है। बुधवार को कभी भी ऐलान संभव है।
दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने आमने-सामने की सियासी लड़ाई तेज कर दी है। लेकिन, इसी बीच भाजपा खेमे से खबर है कि प्रदेश सत्ता-संगठन से चर्चा के बाद केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पर सहमति बना ली गई है। अब जल्द ही नरोत्तम के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सत्ता-संगठन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में सिंगल नाम नरोत्तम मिश्रा का भेजा गया है। जहां से नाम पर सहमति मिलने के बाद बस औपचारिक ऐलान करने की प्रक्रिया बाकी रह गई है। बता दें तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान हुआ है। जिसमें मंगलवार को भाजपा ने बिहार के बांकीपुर में प्रत्याशी का एलान कर दिया है। अभी दतिया और गुजरात की मांजलपुर में प्रत्याशी का ऐलान होना बाकी है। हालांकि घोषणा औपचारिकता मात्र होगी। नरोत्तम की क्षेत्र में सक्रियता देखकर अनुमान है कि वे पहले से ही टिकट के लिए आश्वस्त हैं।
कांग्रेस में भी टिकट को लेकर मंथन आखिरी दौर में है। लेकिन, पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस दतिया में सहानुभूति की नई लहर खड़ा करना चाहती है। इसलिए प्रबल संभावना है कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार से ही किसी को मैदान में उतारा जाए। ऐसे में भारती की पत्नी और बच्चे दोनों का नाम चल रहा है। ऐसा हुआ तो नरोत्तम का सामना अब राजेंद्र भारती के परिजनों से हो सकता है। बुधवार को सूत्रों से मिल रहे इनपुट के आधार पर बताया जा रहा है कि राजेंद्र भारती की पत्नी शोभा भारती का सिंगल नाम भेजा जा रहा है।
वहीं भारती के परिवार के अलावा कांग्रेसी नेता अवधेश नायक भी टिकट के लिए जोरआजमाइश कर रहे है। बता दें अवधेश वहीं हैं जिन्हें कांग्रेस ने साल 2023 चुनाव में पहले अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। लेकिन, विरोध के बाद नायक का टिकट काटकर राजेंद्र भारती को मैदान में उतार दिया गया था। वहीं दतिया सीट से पहले विधायक रह चुके घनश्याम सिंह भी टिकट की लाइन में हैं। सूत्रों के अनुसार पार्टी ने इन तीनों के नाम पैनल में शामिल किए हैं। अब अंतिम फैसला एआइसीसी से होना है। माना जा रहा है कि आज-कल में कभी भी कांग्रेस अपने उम्मीदवार का ऐलान कर सकती है।
नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। वहीं, उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को पूरी कर ली जाएगी।