देवास

पत्नी की सोनोग्राफी नहीं होने पर भड़का पति, डॉक्टर-नर्स के साथ की मारपीट, मचा हड़कंप

MP News: इस घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने कुछ समय के लिए काम बंद कर दिया और इमरजेंसी के सामने एकत्रित होकर नारेबाजी की।
2 min read
Mar 30, 2026
Husband Assaults Doctor and Nurse After Wife Sonography Denied dewas mp news
Husband Assaults Doctor and Nurse After Wife Sonography Denied (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश के देवास में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां के जिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग में स्थित सोनोग्राफी सेंटर के सामने एक डॉक्टर के साथ मरीज के परिजनों के बीच मारपीट हो गई। साथ ही नर्स के साथ गाली गलौच और झूमाझटकी की गई। इस घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने कुछ समय के लिए काम बंद कर दिया और इमरजेंसी के सामने एकत्रित होकर नारेबाजी की। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को बंद नहीं किया। कुछ मिनट के बाद सीएस की समझाइश के बाद डॉक्टरों ने काम शुरू किया। इस मामले ने अस्पताल के भीतर डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए है।

सोनोग्राफी नहीं करवाने पर भड़के परिजन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे अमजद शेख आनंदनगर निवासी अपनी पत्नी की सोनोग्राफी कराने के लिए अस्पताल आए थे। सोनोग्राफी सेंटर में नर्स प्रियंका जोगलेकर ने उन्हें कहा कि डिलीवरी की तारीख अभी दूर है और उन्हें 28 अप्रैल को सोनोग्राफी कराने की सलाह दी, लेकिन इसको लेकर विवाद हो गया। इस बात से अमजद शेख भड़क गए और उन्होंने नर्स के साथ अभद्रता व गाली-गलौज शुरू कर दी है। यही नहीं नर्स के साथ झूमाझटकी की। आरोप है कि इस दौरान अमजद ने कंप्यूटर को भी तोड़ दिया गया। दस्तावेजों को इधर उधर फेंक दिया। जिस पर सोनोग्राफी करने वाले रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अजहर शेख आए और उन्होंने युवक अमजद शेख को समझाया, लेकिन अमजद ने डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी।

गार्ड और अन्य लोगों ने किया बीच बचाव

कुछ समय तक झूमाझटकी होती रही। गार्ड और अन्य लोगों ने स्थिति को संभाला और युवक को अलग कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला शांत करवाया और युवक को थाने ले जाया गया। डॉक्टरों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आवेदन दिया है। सीएस डॉ. आरपी परमार ने बताया कि डॉक्टर के साथ घटना हुई है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस कर रही जांच

कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के परिजनों के अनुसार वे 26 मार्च को अस्पताल आए थे। उन्होंने महिला डॉक्टर से चेकअप करवाया तो डॉक्टर ने उन्हें सोनोग्राफी करवाने को कहा लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मानी। कर्मचारियों ने 28 अप्रैल को आने के लिए बोल दिया। जब महिला ने सोनोग्राफी करने का बोला तो कर्मचारी अभद्रता करने लगे और पति से मारपीट की। मामले की जांच अभी जारी है।

Updated on:
30 Mar 2026 05:07 pm
Published on:
30 Mar 2026 05:07 pm