धमतरी

Flood Warning: गंगरेल बांध लबालब, गेट खुलते ही धमतरी के 72 गांवों में बाढ़ का खतरा

Dhamtari News: जीवनदायिनी गंगरेल बांध की प्यास बुझ गई है। 32.150 टीएमसी क्षमता वाला यह विशालकाय बांध 30 टीएमसी से अधिक भर गया है। वहीं अब 72 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी हुआ है..
2 min read
Sep 01, 2026
gangrel dam, Flood Warning
गंगरेल बांध ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

Administration on Alert: सिंचाई विभाग सहित जिला प्रशासन ने तैयारी भी शुरू कर दी है। गंगरेल बांध के रेडियल गेट खुलते ही महानदी में बाढ़ की स्थिति बनती है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने महानदी के तटीय क्षेत्रों में स्थित 72 गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार गंगरेल बांध का पूर्ण जलस्तर 348.70 मीटर है, जिसके मुकाबले वर्तमान में पानी 348.27 मीटर तक पहुंच गया है। बांध को 100 फीसदी भरने के लिए अब महज 0.43 मीटर (43 सेंटीमीटर) पानी की दरकार है। विशेषज्ञों के अनुसार 10667 क्यूसेक आवक पर बांध का जलस्तर औसतन 1 सेंटीमीटर बढ़ता है, जिसे देखते हुए सुरक्षात्मक रूप से अतिरिक्त पानी की निकासी की तैयारी पूरी कर ली गई है। बांध से 1500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

Dhamtari News: 30 टीएमसी से अधिक पानी

कैचमेंट एरिया में हो रही अच्छी बारिश से छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी कहे जाने वाले गंगरेल बांध की प्यास बुझ गई है। 32.150 टीएमसी क्षमता वाला यह विशालकाय बांध 30 टीएमसी से अधिक भर गया है। बांध को पैक होने में सिर्फ 45 सेमी पानी की जरूरत है। सोमवार शाम की स्थिति में बांध में प्रति सेकेंड 10,667 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। आवक बढ़ते ही मंगलवार को बांध के गेट खुलने की संभावना जारी की गई है।

सहायक बांध भी उफान पर

गंगरेल के साथ-साथ जिले के अन्य सहायक जलाशय भी पानी से लबालब भर चुके हैं। मुरूमसिल्ली बांध में 100.45 प्रतिशत भराव के साथ अपनी क्षमता पार कर चुका है। स्वचालित सायफन सिस्टम के जरिए यहां से 2354 क्यूसेक पानी स्वत: डिस्चार्ज हो रहा है। दुधावा बांध में जल संग्रह 8.473 टीएमसी तक पहुंच चुका है। सोंढूर बांध 5.106 टीएमसी जल संग्रहण के साथ पूर्ण भराव की ओर है।

बारिश में अब तक 15.794 टीएमसी पानी की आवक

1 जून से लेकर अब तक गंगरेल बांध में कुल 15.794 टीएमसी पानी की आवक हुई है, जबकि बीते साल अब तक की स्थिति में बांध में 25 टीएमसी पानी की आवक हो चुकी थी। यहीं नहीं बांध के गेट खुल गए थे। 10 टीएमसी पानी भी महानदी में छोड़ा जा चुका था। इस साल बांध में आवक तो हो रही, लेकिन आवक की रफ्तार कमजोर है।

पिछले साल से 83.3 मिमी अधिक हुई बारिश

10 वर्षों के आधार पर 31 अगस्त 2025 को जिले में 837.1 मिमी औसत बारिश हुई थी। जबकि इस वर्ष अब तक 920.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि पिछले साल की तुलना में 83.3 मिमी बारिश अधिक हुई है। 31 अगस्त को सर्वाधिक बारिश भखारा तहसील में 69.9 मिमी बारिश हुई है। सबसे कम बारिश नगरी में 24.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह धमतरी में 69.4 मिमी, कुरुद में 53.1 मिमी, मगरलोड में 49.9 मिमी, बेलरगांव में 47 मिमी, कुकरेल में 62 मिमी बारिश हुई है।

Updated on:
01 Sept 2026 03:39 pm
Published on:
01 Sept 2026 03:39 pm