धमतरी

Gangrel Dam Water Ambulance: गंगरेल बांध में पहली बार शुरू हुई वाटर एंबुलेंस सेवा, जल्द जारी होगा टोल-फ्री नंबर

Gangrel Dam Water Ambulance: धमतरी के गंगरेल बांध क्षेत्र में वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू हो गई है, जिससे डूबान क्षेत्र के 32 गांवों को बड़ी राहत मिलेगी।

2 min read
Apr 04, 2026
वाटर एंबुलेंस सेवा (photo source- Patrika)

Gangrel Dam Water Ambulance: दशकों बाद गंगरेल बांध डूबान वासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के प्रयास से थर्ड पार्टी कांटे्रक्ट के तहत यहां वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू हो गई है। जल्द ही इसके लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा। यहां के लोगों को अब त्वरित स्वास्थ्य सुविधा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जलमार्ग से वाटर एंबुलेंस सेवा के तहत यहां बसे ग्रामीण गंगरेल के अथाह पानी से बाहर आएंगे और जल्द से जल्द अस्पताल भी पहुंचेंगे।

ये भी पढ़ें

Ambulance Service: स्वास्थ्य सेवाओं को मिली मजबूती, 8 नई एंबुलेंस को विधायक ने दिखाई हरी झंडी

Gangrel Dam Water Ambulance: मरीजों को समय पर मिलेगा उपचार

गंगरेल डूबान के लोग दशकों से इलाज के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आपात स्थिति में गंभीर मरीजों को अस्पताल तक लाने में डूबवासियों की हालत खराब हो जाती थी। कई बार त्वरित उपचार नहीं मिलने के कारण जान भी जा चुकी है। अब वाटर एंबुलेंस सुविधा मिलने से आपातकालीन परिस्थितियों में यहां के मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

अब तक यहां के लोग 40 से 50 किमी जंगल का रास्ता तय कर चारामा या नगरी रोड तक पहुंचकर धमतरी या नगरी अस्पताल पहुंचते थे। जल मार्ग से यह दूरी लगभग 7 किमी रह जाएगी। इसके बाद सुविधा अनुसार मरीजों को उनके परिजन अस्पताल तक पहुंचा सकेंगे।

नागरिकों के लिए जीवन रक्षक सेवा

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह प्रयास केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए जीवन रक्षक सेवा साबित होगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक भी स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो।

वर्तमान में बरबांधा पंचायत के हरफर से यह प्रयास शुरू किया गया है। हरफर को पहला स्टेशन बनाया गया है। जल्द ही अरौद डूबान, तिर्रा सहित अन्य क्षेत्र भी कनेक्ट होंगे। वाटर एंबुलेंस के माध्यम से हमने दूरी कम करने का प्रयास किया है। हमारा लक्ष्य है कि आपात स्थिति में किसी भी व्यक्ति को उपचार के अभाव में परेशान होना न पड़े। वाटर एंबुलेंस में स्वास्थ्यकर्मी सहित जरूरी दवाईयां रखी जाएगी।

पर्यटकों के लिए होम स्टे के निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि यहां पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। हरफर गांव की प्राकृतिक सुंदरता अलौकिक है। जल्द ही यहां पर्यटकों के लिए होम स्टे, रेस्टोरेंट, बोटिंग सहित आधारभूत सुविधाएं विकसित करेंगे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।

Gangrel Dam Water Ambulance: 32 गांव को मिलेगा लाभ

गंगरेल बांध के निर्माण में 52 गांव डूब में आए थे। निर्माण से 32.150 जलभराव क्षमता वाले गंगरेल बांध कई जिलों की जीवनदायिनी साबित हुई। वाटर एंबुलेंस सेवा से डूबान क्षेत्र के 7 पंचायतों के लगभग 32 गांव के लोगों को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधा से दूर हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।

नई सुविधा से समय की बचत के साथ ही आपातकालीन स्थित में जीवन रक्षा भी संभव हो सकेगी। मरीजों के लिए वाटर एंबुलेंस सेवा निशुल्क रहेगी। वहीं इस क्षेत्र के आम नागरिकों, पर्यटकों से इस सेवा के लिए नामिनल चार्ज लिया जाएगा।

Updated on:
04 Apr 2026 04:36 pm
Published on:
04 Apr 2026 04:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर