dhar lok sabha election result: धार लोकसभा के चुनाव में भाजपा की सावित्री ठाकुर ने जीत दर्ज कर ली है...। सावित्री ने दो लाख 18 हजार से अधिक वोटों से चुनाव जीत लिया...।
धार लोकसभा सीट ( Dhar Loksabha Seat ) मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की संवेदनशील लोकसभा सीटों में से एक मानी जाती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में धार सीट पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला हुआ। बीजेपी ने सावित्री ठाकुर ( Savitri Thakur ) को उम्मीदवार बनाया तो कांग्रेस ने राधेश्याम मुवेल ( Radheshyam Muvel ) को टिकट दिया था। लेकिन, जब रिजल्ट आया तो कांग्रेस कोई चुनौती पेश नहीं कर पाई और जीत का सेहरा सावित्री ठाकुर के सिर बंध गया।
भाजपा की सावित्री ठाकुर को कुल 794449 वोट मिले। जबकि कांग्रेस के राधेश्याम मुवेल को 575784 वोट मिले। भाजपा की सावित्री ठाकुर ने 218665 वोटों से चुनाव जीत लिया। इस सीट पर कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे। खास बात यह है कि यहां 15651 लोगों ने नोटा का बटन भी दबाया।
धार लोकसभा सीट एमपी की राजनीति में महत्वपूर्ण संसदीय क्षेत्र है। धार लोकसभा सीट का गठन 1951 में हुआ था। लेकिन, 1962 के लोकसभा चुनाव से अब तक इस सीट पर कुल 15 चुनाव हो चुके हुए हैं, जिसमें से 7 बार कांग्रेस तो 4 बार बीजेपी, 3 बार भारतीय जनसंघ और 1 बार भारतीय लोक दल ने जीत हासिल की है।
इस निर्वाचन क्षेत्र में विगत 2019 के लोक सभा चुनाव में 70.12 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार यानी 2024 में इस सीट पर उससे पांच फीसदी अधिक यानी 75.25 फीसद मतदान हुआ। राजनीतिक जानकारों की मानें तो 2024 के लोकसभा चुनाव में धार सीट पर भाजपा की सावित्री ठाकुर और कांग्रेस के राधेश्याम मुवेल के बीच ही प्रमुख मुकाबला हुआ।
2019 के लोकसभा चुनाव में यहां 1,731 मतदान केंद्र और 16,00,524 मतदाता थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में, भाजपा के छतरसिंह दरबार ने कांग्रेस के गिरवाल दिनेश को 156029 मतों से हराया था। छतरसिंह दरबार भी वर्तमान में सांसद हैं। इस लोकसभा सीट पर 13 मई को देश के चौथे और प्रदेश के अतिम चरण में मतदान हुआ है।