धार

Udaipur-Dhar Rail: आजादी के बाद 16 किमी. का नया ट्रैक तैयार, पहली बार दौड़ेगी ट्रेन, PM नरेन्द्र मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

Udaipur-Dhar Rail Project: आजादी के बाद पहली बार धार जिले में यात्री ट्रेन पहुंचेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर मेमू ट्रेन रवाना करेंगे।
2 min read
Sep 08, 2026
पीएम नरेन्द्र मोदी दिखाएंगे हरी झंडी (Photo Source - Patrika और PM Narendra Modi x account )
पीएम नरेन्द्र मोदी दिखाएंगे हरी झंडी (Photo Source - Patrika और PM Narendra Modi x account )

Dhar news: आदिवासी अंचल के लिए मंगलवार का दिन इतिहास में दर्ज होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार धार जिले की सीमा में यात्री ट्रेन पहुंचेगी। छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के तहत प्रताप नगर से टांडा रोड स्टेशन के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12 बजे वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर का सीधा प्रसारण टांडा स्टेशन पर होगा, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इस पल के साक्षी बनेंगे। रेल सेवा की शुरुआत के साथ ही लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे आदिवासी अंचल को बड़ी सौगात मिलेगी।

इससे गुजरात और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा और कारोबार, शिक्षा, रोजगार व पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के तहत प्रताप नगर से आलीराजपुर के जोबट होते हुए डेकाकुंड से टांडा रोड तक नियमित मेमू ट्रेन का संचालन शुरू होगा। रेलवे ने करीब 435 करोड़ रुपए की लागत से डेकाकुंड से टांडा रोड के बीच 16 किमी. नया रेल ट्रैक तैयार किया है। प्रताप नगर से ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होकर सुबह 9.35 बजे टांडा रोड पहुंचेगी। वापसी में टांडा से शाम 5 बजे ट्रेन चलेगी और रात करीब 9.30 बजे प्रताप नगर पहुंचेगी।

सज गया टांडा स्टेशन, लोक संस्कृति के रंग में मनेगा जश्न

ऐतिहासिक रेल सेवा के शुभारंभ को लेकर टांडा स्टेशन को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। यहां मंगलवार को होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहेंगे। करीब एक हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान आदिवासी लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी।

पहला पड़ाव पूरा, अब धार तक रेल पहुंचने का इंतजार

छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना करीब 147 किमी लंबी है और इसकी अनुमानित लागत 3900 करोड़ रुपए है। इसमें प्रताप नगर से टांडा रोड तक करीब 101 किमी रेल ट्रैक तैयार हो चुका है। अब टांडा से धार के बीच करीब 46 किमी का काम शेष है। रेल लाओ महासमिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पवन जैन गंगवाल का कहना है कि परियोजना का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हुआ है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ धार तक ट्रेन पहुंचने पर मिलेगा।

रेल परियोजना का तिरला में प्रस्तावित

इंदौर-दाहोद और छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना का जंक्शन धार के समीप तिरला में प्रस्तावित है। दोनों परियोजनाओं के जुडऩे से इंदौर सहित गुजरात और महाराष्ट्र के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे आम यात्रियों के साथ ही पीथमपुर के औद्योगिक क्षेत्र और व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने टांडा से धार के बीच शेष रेल लाइन का काम जल्द पूरा करने की मांग की है, ताकि सिंहस्थ के दौरान भी इस रेल संपर्क का लाभ श्रद्धालुओं को मिल सके।

45 रुपए न्यूनतम रहेगा किराया, बस में 500 रुपए खर्च

मेमू ट्रेन चालू होने का सबसे बड़ा फायदा गरीब, मजदूर और मरीजों को मिलेगा। जिन्हें इलाज के लिए गुजरात जाने पर मोटा किराया चुकाना पड़ता था। बस में 500 रुपए खर्च होते हैं। वहीं ट्रेन में सफर करने पर टांडा स्टेशन से प्रताप नगर का किराया मात्र 45 रुपए लगेगा। बच्चों के लिए यह 25 रुपए होगा।

Updated on:
08 Sept 2026 10:26 am
Published on:
08 Sept 2026 10:25 am