
डूंगरपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के बीच डूंगरपुर जिले की रामसौर जुना ग्राम पंचायत ने निर्विरोध निर्वाचन की मिसाल पेश की है। भंडारी पंचायत समिति की इस ग्राम पंचायत में सरपंच से लेकर सभी 7 वार्ड पंचों तक के पदों पर एक भी प्रतिद्वंद्वी सामने नहीं आया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने सरपंच जयंतीलाल डामोर सहित पूरी कोरम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से पूरी पंचायत चुनकर चुनावी मुकाबले की स्थिति ही समाप्त कर दी।
रामसौर जुना ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर जयंतीलाल डामोर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, वार्ड पंच के सात पदों पर भी एक-एक उम्मीदवार ने ही नामांकन दाखिल किया। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के दौरान किसी अन्य प्रत्याशी का नामांकन नहीं आने से सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
ग्राम पंचायत के वार्ड-1 से रमण वेसात यादव, वार्ड-2 से राकेश मणिलाल डामोर, वार्ड-3 से कमलेश हीरा डामोर, वार्ड-4 से मंजुला चंदूलाल डामोर, वार्ड-5 से सुशीला प्रकाश लबाना, वार्ड-6 से भगवती कनका डामोर और वार्ड-7 से रमिला राकेश डामोर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। रिटर्निंग अधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सरपंच और सभी वार्ड पंचों को विजयी घोषित किया।
रामसौर जुना के निर्विरोध निर्वाचित सरपंच जयंतीलाल डामोर 39 वर्ष के हैं और उन्होंने एमए तक शिक्षा प्राप्त की है। उनकी पत्नी रमिला डामोर पिछले पांच साल से ग्राम पंचायत की सरपंच थीं। अब नए कार्यकाल में जयंतीलाल डामोर को जिम्मेदारी सौंपने के साथ ग्रामीणों ने सभी वार्डों में भी निर्विरोध प्रतिनिधि चुनने पर सहमति जताई।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कार्यकाल में व्यक्तिगत और सामुदायिक विकास से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हुआ। गांवों के अलग-अलग मोहल्लों में सीसी सड़कें बनाने, हैंडपंप के माध्यम से पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने, जॉब कार्डधारी परिवारों को 125 दिन के रोजगार से जोड़ने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को लाभ दिलाने जैसे कार्य हुए। ग्रामीणों का कहना है कि इन विकास कार्यों से लोगों को राहत मिली। इसी अनुभव और आपसी सहमति के आधार पर पंचायत की पूरी कोरम निर्विरोध चुनने का फैसला किया गया।
रामसौर जुना ग्राम पंचायत में रामसौर जुना, रामसौर बड़ा, सज्जनपुरा और अमरपुरा गांव शामिल हैं। इन चारों गांवों में कुल 2191 मतदाता हैं, जबकि आबादी करीब तीन हजार बताई गई है। ऐसे में पूरी पंचायत का निर्विरोध चुना जाना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
राजस्थान पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा, पाडवा, गलियाकोट, सीमलवाड़ा, झौंथरी, भंडारी और चिखली पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। नामांकन के बाद उम्मीदवारों के पर्चों की जांच और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जा रही है।
पहले चरण में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होना है। मतदान बैलेट पेपर से कराया जाएगा। जहां मुकाबला होगा, वहां मतदान के बाद मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं, रामसौर जुना में सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने से अब इस गांव में मतदान की प्रक्रिया नहीं होगी।