Dungarpur Bus Accident: धंबोला थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। रामसौर जुना गांव में गुजरात रोडवेज की बस की टक्कर से बेटे की शादी का कार्ड बांट रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
डूंगरपुर। जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। रामसौर जुना गांव में गुजरात रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 45 वर्षीय कला डामोर पुत्र रूपा डामोर अपने बड़े बेटे की शादी का न्योता देने के लिए पैदल ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों के घर जा रहे थे। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और परिवार में खुशियों का माहौल था। इसी बीच डूंगरपुर से संतरामपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार गुजरात रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कला डामोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वहीं मृतक के घर पर कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।
हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर धंबोला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सीमलवाड़ा मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। बड़े बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस दुखद हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।