
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस (फोटो- पत्रिका)
Dholpur Husband Murders Wife: राजस्थान के धौलपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। सैपऊ थाना क्षेत्र के भूरा पुरा गांव में बुधवार रात एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी 35 वर्षीय पत्नी की लाठी-डंडों और सरिए से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी।
बता दें कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
मृतका की पहचान मथुरा पत्नी दिनेश कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मथुरा की शादी साल 2011 में दिनेश के साथ हुई थी। मृतका की छोटी बहन गुड़िया ने बताया कि शादी के शुरुआती कुछ साल तो ठीक रहे, लेकिन पिछले 3 सालों से दिनेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था। वह अक्सर मथुरा के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, 15 अप्रैल की रात दिनेश शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने फिर से मथुरा के चरित्र पर सवाल उठाए और विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश ने आव देखा न ताव और घर में रखे सरिए व लाठी से मथुरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान मथुरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जब तक मायके पक्ष के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से भाग चुका था।
मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। झोपड़ीनुमा मकान में हर तरफ खून के धब्बे बिखरे हुए थे। पुलिस को मौके से टूटी हुई चूड़ियां, खून से सनी लाठी और एक कंबल बरामद किया है। टूटी हुई चूड़ियों और बिखरे सामान को देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि मृतका ने अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया होगा।
सैपऊ सीओ अनूप कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए दो विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के लिए साइबर सेल की मदद भी ले रही है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतका के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
-अनूप कुमार, सीओ
Updated on:
16 Apr 2026 02:46 pm
Published on:
16 Apr 2026 02:45 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
