
Tiger Shroff new film: यूट्यूबर और रियलिटी शो स्टार एल्विश यादव अब बड़े पर्दे पर डेब्यू करने को तैयार हैं। वे रेमो डिसूजा के डायरेक्शन में बनने वाली नई एक्शन फ्रेंचाइजी से बॉलीवुड डेब्यू करेंगे। फिल्म में उनके साथ टाइगर श्रॉफ और अभिषेक बनर्जी भी लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन के प्रोडक्शन हाउस 'VJ Frames' के बैनर तले होगा और इसकी शूटिंग 1 अगस्त से शुरू हो रही है।
एल्विश यादव ने अपने करियर की शुरुआत यूट्यूब और कंटेंट क्रिएशन से की थी। इसके बाद कई रियलिटी शोज में हिस्सा लेकर उन्होंने देशभर में लोकप्रियता हासिल की। पिछले साल उन्होंने वेब शो 'औकात के बाहर' से एक्टिंग की शुरुआत की थी और अब पहली बार बॉलीवुड फिल्म में नजर आएंगे। इसके साथ, ये अनटाइटल्ड फिल्म सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं बल्कि एक एक्शन फ्रेंचाइजी की शुरुआत होगी। फिल्म में टाइगर श्रॉफ, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव लीड रोल में होंगे।
एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे के पति और बिजनेसमैन विक्की जैन ने अपने नए प्रोडक्शन हाउस 'VJ Frames'की घोषणा की है। इसी बैनर की पहली फिल्म का निर्देशन रेमो डिसूजा करेंगे। फिल्म की शूटिंग 1 अगस्त यानी आज से शुरू हो चुकी है।
एल्विश यादव के बॉलीवुड डेब्यू की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने खुशी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा,"बहुत एक्साइटेड हूं और आप पर गर्व है। पिछले 10-12 सालों की मेहनत का फल अब मिल रहा है।" तो वहीं अन्य यूजर ने पोस्ट किया, "ऑल द बेस्ट एल्विश यादव हमेशा की तरह अपने हेटर्स को गलत साबित करो।" एक और यूजर ने लिखा, "पहले YouTube पर वीडियो देखते थे, अब सीधे आपको सिनेमाघरों में देखेंगे। बधाई हो भाई।"
एल्विश यादव पहले से ही एक फेमस यूट्यूबर थे, लेकिन 'बिग बॉस OTT 2', 'प्लेग्राउंड', 'MTV रोडीज XX: डबल क्रॉस', 'लाफ्टर शेफ्स' सहित कई रियलिटी शोज में नजर आने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई। अब उनके फैंस उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं। बता दें, रेमो डिसूजा और टाइगर श्रॉफ इससे पहले साल 2016 में रिलीज हुई 'ए फ्लाइंग जट्ट' में साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, वो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी। अब दोनों एक बार फिर नई एक्शन फ्रेंचाइजी के जरिए साथ आ रहे हैं।