
Kangana Ranaut viral statement: कंगना रनौत अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं और एक बार फिर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को लेकर खुलकर बात की है। एक पुराने इंटरव्यू में 'आपकी अदालत' में कंगना ने बॉलीवुड में अपने रिश्तों, इंडस्ट्री से मिलने वाले सम्मान और अपने साथ हुए विवादों पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में किसी को किसी से कोई परेशानी नहीं है, सिर्फ वही एक 'प्रॉब्लम' हैं।
कंगना ने इंडस्ट्री में अपने विवादों को लेकर कहा कि इस 'महान और पवित्र इंडस्ट्री' में किसी को किसी से कोई समस्या नहीं है, सिर्फ उन्हें ही समस्या माना जाता है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर लोग घर जाकर 'टॉम एंड जेरी' देखते होंगे तो उन्हें शायद चीजें समझ नहीं आएंगी। कंगना ने आगे कहा कि इंडस्ट्री में लोगों के साथ अलग-अलग तरह का व्यवहार होता है, लेकिन आखिरकार हर युग में किसी न किसी को 'सूली पर चढ़ाया' जाता है और वो इसके लिए तैयार हैं। कंगना ने कहा, 'आप चढ़ा लीजिए मुझे। मैं तैयार हूं। हम लोग तो गांव से हैं।'
कंगना ने अपने बेबाक अंदाज में कहा कि वो कभी किसी से खुद विवाद शुरू नहीं करतीं। उनका कहना था कि सामने वाला जब उनसे पंगा लेता है, तभी वो जवाब देती हैं। उन्होंने कहा, 'मैं कभी पंगा नहीं लेती। कभी भी मैं किसी से पंगा नहीं लेती। पहला पंगा मेरे साथ लिया जाता है लेकिन उसको खत्म नहीं करती।'
कंगना के इस बयान से साफ है कि वो अपने पुराने विवादों को लेकर खुद को आक्रामक पक्ष के तौर पर नहीं देखतीं। उनका कहना है कि वो सिर्फ सामने से आने वाली बात का जवाब देती हैं।
इंटरव्यू के दौरान कंगना से उनके उस बयान का जिक्र किया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें भारत से उतना सम्मान मिलता है, जितना अमिताभ बच्चन को मिलता है। इस पर कंगना ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मतलब देश के लोगों से मिलने वाले सम्मान से था, न कि फिल्म इंडस्ट्री से।
उन्होंने कहा कि 'इंडस्ट्री वाले भी मुझे सम्मान देंगे', ऐसा उन्होंने नहीं कहा था। कंगना ने सवाल करते हुए कहा कि अगर भारत में लोग किसी कलाकार की दिल से इज्जत करते हैं तो ऐसे कितने अभिनेता हैं, जिनके लिए देश के लोगों के मन में इस तरह का सम्मान है।
कंगना ने अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी कलाकार के पास पैसा और हिट फिल्में होना अलग बात है, लेकिन जब पूरा देश किसी को दिल से सम्मान देता है तो उसकी अहमियत अलग होती है। उन्होंने इसी संदर्भ में अमिताभ बच्चन का नाम लेते हुए कहा कि देश में अगर किसी कलाकार को दिल से सम्मान देने की बात की जाए तो इस तरह की इज्जत बहुत खास है।
कंगना का यह बयान ऐसे वक्त में चर्चा में आया है, जब वह अक्सर फिल्म इंडस्ट्री के कामकाज और वहां के लोगों को लेकर अपनी राय खुलकर रखती रही हैं। 'आपकी अदालत' में भी उन्होंने अपने उसी बेबाक अंदाज में इंडस्ट्री और अपने विवादों पर बात की।