Rakhi Sawant: बॉलीवुड की 'ड्रामा क्वीन' कहे जाने वाली राखी सावंत का भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट से एक बेहद भावुक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा कि घर एक शमशान घाट जैसा लगता है। जिसे सुनकर फैंस भी इमोशनल हो रहे हैं। आइये जानते हैं आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा…
Rakhi Sawant emotional cry in Bharti Singh podcast: दुनिया को अपनी उंगलियों पर नचाने वाली और हमेशा हंसती-खिलखिलाती दिखने वाली 'ड्रामा क्वीन' राखी सावंत का एक ऐसा रूप सामने आया है, जिसे देख हर किसी की आंखें नम हो गई हैं। अक्सर विवादों और कैमरों के सामने बिंदास रहने वाली राखी अंदर से कितनी अकेली और टूटी हुई हैं, इसका अंदाजा उनके एक इंटरव्यू से लगाया जा सकता है। हाल ही में वह मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंची, जहां वह अपनी जिंदगी और मां को याद कर लाइव कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं। राखी का दर्द देखकर होस्ट भारती सिंह भी अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख पाईं और शो का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
ये भी पढ़ें
भारती और हर्ष पॉडकास्ट में राखी सावंत ने अपनी जिंदगी के उस खालीपन को बयां किया जो उनकी मां के जाने के बाद आया है। रोते हुए राखी ने कहा, "मैं बहुत रोती हूं, कल रात को ही मैं अपने कमरे में अकेले खूब रोई हूं। आज मेरे हालात ऐसे हैं कि काम से लौटने के बाद मुझसे कोई यह पूछने वाला भी नहीं है कि तुमने खाना खाया या नहीं। जब तक मेरी मां जिंदा थीं, वह हमेशा मेरी फिक्र करती थीं और कहती थीं- 'राखी, खाना खा ले।' अब जब मैं रात को घर लौटती हूं, तो पूरा घर एकदम श्मशान घाट जैसा सूना लगता है। मेरी जिंदगी में अब कोई नहीं बचा है।"
अपनी टूटी हुई शादियों और धोखे पर बात करते हुए राखी का गुस्सा और बेबसी साफ दिखाई दी। उन्होंने कहा, "अब मुझमें इतनी हिम्मत भी नहीं बची है कि मैं दोबारा किसी पर भरोसा करूं या शादी के बारे में सोचूं। मुझे डर लगता है कि कोई नया शख्स आएगा और वो भी मुझे लूटकर चला जाएगा। असल में इन लोगों को बीवी नहीं चाहिए होती, ये लोग मेरे नाम का इस्तेमाल करके कामयाबी की सीढ़ी चढ़ना चाहते हैं। मेरा तो अब जिंदगी और प्यार, दोनों से भरोसा उठ गया है। मैं न जाने कैसे-कैसे कीचड़ और संघर्षों से निकलकर यहां तक आई हूं।"
बता दें, राखी सावंत की निजी जिंदगी हमेशा उतार-चढ़ाव से भरी रही है। उन्होंने अपनी जिंदगी में दो बार घर बसाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ही बार उनका दिल बुरी तरह टूटा। राखी ने पहली शादी साल 2019 में रितेश सिंह से की थी, जो 2022 में तलाक पर खत्म हुई। इसके तुरंत बाद उसी साल उन्होंने बिजनेसमैन आदिल खान दुर्रानी से शादी की। लेकिन एक साल के भीतर ही यह शादी भी कोर्ट-कचहरी और गंभीर आरोपों के ड्रामे के साथ टूट गई।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग राखी के प्रति सहानुभूति जता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "अगर राखी के सारे ड्रामे को एक तरफ रख दें, तो वो साफ और अच्छे दिल की लड़की है।" वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, "राखी एक सच्ची और खूबसूरत आत्मा हैं, भगवान उन्हें इस दुख से लड़ने की ताकत दे।"