मनोरंजन

राम कपूर के श्रेया को जबरन KISS करने के आरोप पर पत्नी गौतमी ने दिया रिएक्शन, बोलीं- मैं चुप थी लेकिन अब और नहीं

Gautami Kapoor On Ram Kapoor Kiss Allegations: अभिनेत्री गौतमी कपूर ने अपने पति पर जबरन किस करके असहज महसूस कराने के आरोप पर अब चुप्पी तोड़ दी है। क्या कुछ कहा है गौतमी ने, चलिए जानते हैं।
3 min read
Jul 20, 2026
Gautami Kapoor On Ram Kapoor Kiss Allegations
गौतमी कपूर ने पति पर लगे आरोपों का दिया जवाब (फोटो सोर्स- Instagram/gautamikapoor)

Gautami Kapoor On Ram Kapoor Kiss Allegations: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉकअप- सच या सजा' में अभिनेता राम कपूर और कंटेस्टेंट श्रेया कालरा के बीच हुए विवाद ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। श्रेया कालरा द्वारा राम कपूर पर जबरन किस करके असहज महसूस कराने के आरोप के बाद अब उनकी पत्नी और अभिनेत्री गौतमी कपूर खुलकर पति के समर्थन में सामने आई हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लोगों से अपील की कि किसी भी रियलिटी शो के एडिटेड एपिसोड देखकर किसी व्यक्ति के चरित्र पर फैसला नहीं सुनाना चाहिए। क्या कुछ कहा है गौतमी कपूर ने, चलिए जानते हैं।

क्या है पूरा मामला?

विवाद की शुरुआत शो के एक टास्क के बाद हुई। टास्क जीतने के बाद राम कपूर ने खुशी जाहिर करते हुए श्रेया कालरा के सिर और गाल पर किस किया। उस समय श्रेया ने कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन बाद के एपिसोड में उन्होंने साथी कंटेस्टेंट शिल्पा शिंदे से बातचीत के दौरान इस बर्ताव पर नाराजगी जाहिर की।

श्रेया का कहना था कि उन्हें लगा कि उनकी निजी सीमा का सम्मान नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति बनी तो वह इसका खुलकर विरोध करेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शो के दौरान उन्होंने कई मौकों पर राम कपूर का साथ दिया, लेकिन गैंग लीडर चुनने के समय राम ने उनका समर्थन नहीं किया।

गौतमी कपूर ने पति का किया बचाव

बढ़ते विवाद के बीच गौतमी कपूर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह पहले इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोलना चाहती थीं, लेकिन लगातार हो रही आलोचनाओं के बाद उन्हें सामने आना पड़ा।

गौतमी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग राम कपूर को लेकर कई तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं और उन्हें गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उनके मुताबिक, राम कपूर दिल के बेहद साफ इंसान हैं और उन्होंने शो में बिना किसी रणनीति के हिस्सा लिया। यही वजह है कि उनका व्यवहार स्वाभाविक दिखाई देता है।

'राम वैसे ही हैं, जैसा लोग उन्हें जानते हैं'

गौतमी ने कहा कि वह अपने पति के हर व्यवहार का बचाव नहीं कर रहीं, लेकिन यह जरूर कहना चाहती हैं कि राम कपूर का स्वभाव बेहद स्नेही और भावुक है। उन्होंने किसी गलत मंशा से कोई काम नहीं किया।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि राम का व्यवहार शुरू से ही आपत्तिजनक था तो अन्य कंटेस्टेंट्स ने शुरुआती हफ्तों में इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाया। उनके मुताबिक, विवाद उस समय सामने आया जब गैंग लीडर के चुनाव में राम कपूर ने श्रेया का समर्थन नहीं किया।

'रियलिटी शो का पूरा सच दर्शकों तक नहीं पहुंचता'

गौतमी कपूर ने कहा कि दर्शक सिर्फ वही देखते हैं जो एपिसोड में दिखाया जाता है। शो के कई हिस्से एडिट किए जाते हैं और पूरी परिस्थिति दर्शकों के सामने नहीं आती।

उन्होंने कहा कि घर के अंदर रहने वाले प्रतिभागी कई हफ्तों तक बाहरी दुनिया से कटे रहते हैं और मानसिक दबाव में रहते हैं। ऐसे माहौल में कई घटनाओं को अलग नजरिए से भी देखा जा सकता है। इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे संदर्भ को समझना जरूरी है।

परिवार पर भी पड़ रहा असर

गौतमी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली कठोर और अपमानजनक टिप्पणियों का असर सिर्फ कलाकार पर नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार पर पड़ता है। उन्होंने सभी से संयम बरतने और बिना पूरी जानकारी के किसी को दोषी न ठहराने की अपील की।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि राम कपूर हमेशा महिलाओं और पुरुषों दोनों के प्रति सम्मानजनक और मददगार रहे हैं। उन्होंने अपने जीवन में कई लोगों की सहायता की है और वह आज भी अपने पति के साथ मजबूती से खड़ी हैं।

Updated on:
20 Jul 2026 01:23 pm
Published on:
20 Jul 2026 01:22 pm
Also Read
View All
विजय थलपति को चुनाव जीताने के लिए LEAK की गई थी फिल्म ‘जन नायकन’? डायरेक्टर ने दिया बड़ा बयान

“छात्रों का दर्द सही, पर देशद्रोहियों के साथ खड़ा नहीं हो सकता” मनोज मुंतशिर का तीखा बयान, बोले- नहीं जाऊंगा जंतर-मंतर

जंतर-मंतर बवाल और NEET पेपर लीक पर भड़के नसीरुद्दीन शाह, छात्रों को दिया समर्थन, बोले- मैं गुस्से से खौल रहा हूं

‘भारत के युवा अमर हैं’, CJP प्रोटेस्ट के बीच हनी सिंह ने लिया बड़ा कदम, देश के माहौल के बीच रोका नए गाने का टीजर

‘ये हमारे देश की युवा आवाज हैं, खतरा नहीं’, CJP पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर एक्ट्रेस सोनम बाजवा का रिएक्शन आया सामने