
Sahil Salathia Reaction: 'द ट्रेटर्स सीजन 2' (The Traitors Season 2) में कंटेस्टेंट्स के बीच चल रही तकरार अब शो से बाहर भी चर्चा में है। एक्टर साहिल सलाथिया ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रिदा थराना के उन्हें 'कुत्ता' कहने वाले कमेंट पर प्रतिक्रिया दी है। द फ्री प्रेस जर्नल से खास बातचीत में साहिल ने कहा कि उन्हें लगता है कि कुछ लोग इस तरह की भाषा का इस्तेमाल सिर्फ ध्यान खींचने या अपना दबदबा दिखाने के लिए करते हैं।
रिदा ने साहिल को लेकर कमेंट किया था, 'क्या कुत्ते को किसने वापस लाया?' इस पर प्रतिक्रिया देते हुए साहिल ने कहा कि 'द ट्रेटर्स' ऐसा शो नहीं है, जहां कंटेस्टेंट्स को अपनी बात रखने के लिए पर्सनल अटैक या इस तरह की भाषा का सहारा लेना पड़े।
रिदा के कमेंट के बारे में बात करते हुए साहिल ने माना कि हर व्यक्ति के बात करने का अपना तरीका होता है। हालांकि, उनका मानना है कि कई बार लोग ऐसी भाषा का इस्तेमाल इसलिए करते हैं क्योंकि इससे लोगों का ध्यान जल्दी जाता है।
साहिल ने कहा कि किसी को 'कुत्ता' कहना जरूरी नहीं है और ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने से कोई कूल नहीं बन जाता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई पुरुष ऐसी बात कहे तो उसे लेकर सवाल उठ सकते हैं और उसे 'कैंसल' तक किया जा सकता है, लेकिन महिलाओं को भी इस तरह की भाषा इस्तेमाल करने से पहले सोचना चाहिए।
साहिल ने कहा कि पुरुषों को निश्चित तौर पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। लेकिन उनका मानना है कि महिलाओं को भी खुद से सवाल करना चाहिए कि क्या इस तरह के शब्दों की वास्तव में जरूरत है।
एक्टर ने सवाल किया कि क्या सिर्फ कुछ व्यूज हासिल करने के लिए किसी को 'कुत्ता' कहना जरूरी है। उन्होंने इस तरह की भाषा को अजीब और गैर-जरूरी बताया।साहिल ने यह भी साफ किया कि शो में आने से पहले वह रिदा थराना के दोस्त नहीं थे।
रिदा के कमेंट पर सीधे तौर पर अपनी राय रखते हुए साहिल ने कहा कि किसी भी स्थिति में 'लूज टॉक' या गाली-गलौज से बचना चाहिए। उनके मुताबिक, किसी महिला का ऐसा करना भी सही नहीं है और सिर्फ इस तरह की भाषा इस्तेमाल करने से कोई ज्यादा प्रभावशाली या कूल नहीं बन जाता।
इस बातचीत के दौरान साहिल ने फेमिनिज्म को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने इसे पुरुष और महिला के बीच बराबरी का मुद्दा बताया। साहिल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पुरुष '90 प्रतिशत बेवकूफ' होते हैं, लेकिन महिलाओं को कूल दिखने के लिए पुरुषों की तरह बनने या गाली देने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, उन्होंने रिदा के कमेंट को लेकर अंतिम फैसला देने से इनकार किया। साहिल ने कहा कि रिदा ने ऐसा क्यों कहा और उनका ऐसा कहना सही था या नहीं, इसका जवाब सिर्फ वही दे सकती हैं।