
Sohail Khan-Seema Sajdeh In Alliance: बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान और उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह एक बार फिर साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि इस बार उनकी वापसी किसी निजी रिश्ते की नहीं, बल्कि एक रियलिटी शो के जरिए हो रही है। दोनों आगामी शो ‘अलायंस’ में एक साथ दिखाई दे रहे हगैं। तलाक के बाद दोनों का एक ही प्रोजेक्ट में आना चर्चा का विषय बन गया है। अब इस फैसले के पीछे की असली वजह शो के कास्टिंग डायरेक्टर करण मैली ने साझा की है।
दरअसल, सोहेल खान और सीमा सजदेह ने अलग होने के बाद अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया था। ऐसे में जब दोनों के एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं तो लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे। क्या यह सिर्फ टीआरपी बढ़ाने की कोशिश है या इसके पीछे कोई अलग सोच है? अब इस पर खुद शो से जुड़े लोगों ने तस्वीर साफ कर दी है।
कास्टिंग डायरेक्टर करण मैली ने IANS से बात करते हुए कहा, इस शो का मकसद किसी पुराने रिश्ते को सनसनीखेज तरीके से पेश करना नहीं था। उनकी टीम चाहती थी कि दर्शकों को ये दिखाया जाए कि अलग होने के बाद भी दो लोग सम्मान और समझदारी के साथ एक-दूसरे के प्रति व्यवहार कर सकते हैं।
उनके मुताबिक, फिल्मों और टीवी में अक्सर तलाक या ब्रेकअप को केवल कड़वाहट और विवाद के रूप में दिखाया जाता है, जबकि वास्तविक जीवन इससे कहीं अधिक जटिल और परिपक्व होता है। इसी सोच के साथ शो की अवधारणा तैयार की गई।
करण ने बताया कि शुरुआत में सोहेल और सीमा दोनों इस प्रोजेक्ट को लेकर थोड़ा असमंजस में थे। उन्हें ये चिंता थी कि कहीं उनके निजी रिश्ते को सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए इस्तेमाल न किया जाए। लेकिन जब उन्हें शो की पूरी रूपरेखा समझाई गई और यह भरोसा दिलाया गया कि उनकी निजी जिंदगी का सम्मान रखा जाएगा, तब दोनों इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए तैयार हुए।
निर्माताओं ने ऐसा माहौल तैयार किया जिसमें दोनों सहज महसूस करें और बिना किसी दबाव के काम कर सकें। इसी वजह से यह सहयोग स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ा।
करण मैली का मानना है कि सोहेल खान और सीमा सजदेह की मौजूदगी दर्शकों को रिश्तों का एक अलग पहलू दिखा रही है। उन्होंने कहा कि हर अलगाव का अंत दुश्मनी में नहीं होता। कई लोग रिश्ता खत्म होने के बाद भी सम्मान और समझदारी के साथ जीवन जीते हैं। यही संदेश इस शो के जरिए दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। उनके अनुसार, यह शो केवल मनोरंजन नहीं बल्कि आधुनिक रिश्तों की बदलती परिभाषा को भी सामने रखेगा।
सोहेल खान और सीमा सजदेह लंबे समय तक शादीशुदा जीवन बिताने के बाद अलग हुए थे। उनके अलगाव की खबर ने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि दोनों ने कभी सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी नहीं की और हमेशा गरिमा बनाए रखी। यही वजह है कि अब दोनों का एक मंच पर साथ आना लोगों के बीच उत्सुकता पैदा कर रहा है।