मनोरंजन

आसिम रियाज-हिमांशी के धर्म परिवर्तन विवाद पर विशाल आदित्य सिंह का रिएक्शन, बोले- ‘जैसे बात करेंगे, वैसा जवाब मिलेगा’

Vishal Aditya Singh reaction: हिमांशी खुराना के पुराने रिश्ते में धर्म को लेकर दिए बयान के बाद विशाल आदित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा और सोशल मीडिया पर यूजर्स का क्या रिएक्शन रहा।
3 min read
Aug 25, 2026
Himanshi Khurana
विशाल आदित्य सिंह ने आसिम रियाज-हिमांशी के धर्म विवाद पर दिया बयान (सोर्स: Instagram- VishalAdityaSingh/umarriazz91)

Vishal Aditya Singh statement: हिमांशी खुराना और आसिम रियाज के पुराने रिश्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार बढ़ता जा रहा है। पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में हिमांशी के धर्म को लेकर दिए बयान के बाद आसिम ने भी अपनी बात रखी थी। अब एक्टर विशाल आदित्य सिंह ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है। विशाल ने कहा कि अगर रिश्ते की शुरुआत में ही कन्वर्जन की बात हुई थी तो फैसला उसी वक्त लिया जाना चाहिए था, लेकिन अगर इसके बाद भी रिश्ता तीन-चार साल चला तो जाहिर है कि इसके पीछे कुछ और बातें भी रही होंगी।

'अगर पहले दिन बात हुई थी तो उसी दिन फैसला लेना चाहिए था'

हिमांशी खुराना के दावे पर अपनी राय रखते हुए विशाल आदित्य सिंह ने कहा कि अगर दो लोग मिलते ही एक-दूसरे से यह कह दें कि धर्म बदलना पड़ेगा, तो उस स्थिति में पहले ही दिन फैसला लिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी दोनों का रिश्ता तीन या चार साल तक चला, तो उनके बीच सिर्फ यही एक मुद्दा नहीं रहा होगा। विशाल ने साफ किया कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए वो बिना पूरी बात जाने कोई पक्की टिप्पणी नहीं करना चाहते।

'दो लोगों का मामला है तो पॉडकास्ट में भी नहीं बोलना चाहिए था'

विशाल ने आगे कहा कि ये दो लोगों का निजी मामला है और दोनों को इसे आपस में सुलझाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने ये सवाल भी उठाया कि अगर यह सिर्फ दो लोगों के बीच का मामला था, तो इसे पॉडकास्ट में सामने लाने की जरूरत क्यों पड़ी। उनके मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति इस बारे में सार्वजनिक तौर पर बात करता है तो फिर उस पर लोगों की प्रतिक्रिया आना भी स्वाभाविक है।

आसिम को लेकर भी बोले विशाल

बातचीत के दौरान विशाल आदित्य सिंह ने आसिम रियाज को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि हिमांशी उनके साथ जैसी हैं, वो भी उनके साथ वैसा ही व्यवहार करते हैं। विशाल ने कहा कि हिमांशी उनके साथ 'स्वीट' हैं, इसलिए वो भी उनके साथ अच्छे से रहते हैं। आसिम को लेकर उन्होंने कहा कि अगर कोई उनके साथ जैसा व्यवहार करेगा, उन्हें भी उसी तरह जवाब मिलेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस पूरे विवाद पर इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते क्योंकि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है।

हिमांशी ने क्या कहा था?

दरअसल, पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में हिमांशी खुराना ने अपने पुराने रिश्ते के दौरान धर्म को लेकर हुए मतभेदों पर बात की थी। उन्होंने सीधे तौर पर 'कन्वर्जन' कहने से इनकार किया था, लेकिन बताया था कि उनके एक्स पार्टनर अपने धर्म की अच्छी बातें उन्हें बताते थे और चाहते थे कि वह उन्हें समझकर स्वीकार करें।

हिमांशी ने कहा था कि वो इसके लिए तैयार नहीं थीं और उस दौरान उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि वो अपने भगवान को धोखा दे रही हैं। उन्होंने अपने बयान में आसिम रियाज का नाम नहीं लिया था, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे उनके और आसिम के पुराने रिश्ते से जोड़कर देखा गया।

इसके बाद आसिम ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखकर अपनी बात रखी और पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में हुई बातचीत पर सवाल उठाए। अब विशाल आदित्य सिंह की प्रतिक्रिया ने इस विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

सोशल मीडिया पर भी बंटे यूजर्स

विशाल के बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने हिमांशी को सपोर्ट करने वालों पर सवाल उठाते हुए उनके पुराने रिश्ते से जुड़ी बातों का जिक्र किया। वहीं, दूसरे यूजर ने विशाल की तारीफ करते हुए लिखा, 'मुझे विशाल पसंद है, वह वही कहते हैं जो सही होता है।'

एक अन्य यूजर ने हिमांशी के दावे का समर्थन करते हुए लिखा कि हो सकता है रिश्ते की शुरुआत में सीधे तौर पर 'कन्वर्ट हो जाओ' नहीं कहा गया हो और इसमें समय लगा हो। यूजर ने यह भी कहा कि हिमांशी ने सबूत देने की बात कही है, इसलिए आगे की जानकारी सामने आने का इंतजार करना चाहिए।

Updated on:
25 Aug 2026 01:11 pm
Published on:
25 Aug 2026 12:54 pm