सपा के बर्खास्त नेता की मांग- शिवपाल की सीट जसवंतनगर से चुनाव लड़ें अखिलेश

इस बड़े नेता को मुलायम परिवार के बेहद करीबी माना जाता है..
less than 1 minute read
Dec 27, 2016
UP Vidhansabha Chunav 2017
UP Vidhansabha Chunav 2017
इटावा. टिकटों की खींचतान को लेकर मचे घमासान के बीच शिवपाल की विधानसभा सीट (जसवंतनगर) से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को चुनाव लड़ाने की मांग उठने लगी है। बता दें कि पूर्व में इस सीट से सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन 1996 से शिवपाल सिंह यादव इस सीट से चुनाव जीतते आए हैं।

प्रधानसंघ के अध्यक्ष चंदगीराम यादव ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से मांग करते हुए कहा कि जसवंतनगर विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को चुनाव लड़ाया जाए। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा सीट पर असली हक अखिलेश यादव का ही है। क्योंकि यह मुलायम सिंह यादव की परंपरागत सीट है। चंदगीराम यादव ने कहा कि जसवंतनगर सीट से अखिलेश यादव को चुनाव लड़ाया जाता है तो वह मुख्यमंत्री को अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाएंगे।


चंदगीराम यादव मुलायम परिवार के बेहद करीबी नेताओं में माने जाते हैं। लेकिन हाल ही में चाचा-भतीजे की बीच मची खींचतान में उन्हें छह साल के लिए समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उनके साथ प्रो. रामगोपाल यादव के एमएलसी भांजे अरविंद यादव को भी इतने ही दिनों के लिए सपा से बर्खास्त कर दिया गया था।

इस सपा नेता ने कहा कि वो भले ही सपा से आज बाहर हैं, लेकिन वह पूरी तरह से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर शिवपाल की सीट जसवंतनगर से अखिलेश चुनाव लड़े तो वह उन्हें बड़ी जीत दिलाने के लिए समर्थकों संग मिलकर जी-जान लगा देंगे। सीएम अखिलेश यादव को जसवंतनगर से चुनाव लड़ाने की यह मांग इसलिए भी अहम है, क्योंकि इन दिनों उनके बुंदेलखंड से चुनाव लड़ने की चर्चाएं जोरों पर हैं।

Published on:
27 Dec 2016 04:41 pm