शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी के शोरूम पर कुछ महीने पहले रंगदारी वसूलने के चक्कर में फायरिंग की गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को गिरफ्तार किया है। इसमें ग्रेजुएशन कर रहे दो छात्र भी हैं, जो सिर्फ अपने मंहगे शौक पूरा करने के लिए अपराधी बन बैठे।
बताते चलें कि कोतवाली नगर क्षेत्र शहर के प्रतिष्ठित मद्रास टेक्सटाइल्स के शोरूम में कुछ महीने पहले हुई फायरिंग की घटना का फैजाबाद पुलिस ने वर्कआउट कर दिया। एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि पकड़े गए युवकों में संजय यादव और उसके साथी दिग्विजय सिंह, सलमान और आदित्य कुमार हैं।
इन्होंने कपडा व्यापारी राम कुमार मोटवानी और गोपीलाल मोटवानी से 50 लाख रुपए की रंगदारी वसूलने के लिए उसके शोरुम मद्रास हैंडलूम पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना को अंजाम देने में संजय यादव और उसके साथी दिग्विजय सिंह की मुख्य भूमिका थी।
रंगदारी मांगने की पूरी योजना कॉलेज में बैठकर ही तय की गई थी। दोनों छात्रो में छात्र संजय यादव साकेत महाविद्यालय से महामंत्री पद के लिए चुनाव भी लड़ चुका है। वहीं, दिग्विजय सिंह उसका साथी है। मामले में संजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। संजय के इकबालिया बयान से पूरे मामले से पर्दा उठ चुका है।
50 लाख की बड़ी रंगदारी वसूलने के लिए इस साजिश में शामिल चारों युवकों ने फर्जी सिम का प्रयोग किया था। फायरिंग की घटना के बाद लगातार उसी सिम से व्यापारी को धमकाते रहे। आखिरकार इसी फर्जी सिम ने पुलिस को इन युवकों के मुखिया तक पहुंचा दिया और पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
संजय की माने तो रंगदारी वसूलने के लिए गोली व्यवसायी के पैर में मारनी थी, लेकिन आखिर वक्त में इन सभी ने प्लान बदल दिया और शहर के चौक इलाके में स्थित व्यवसायी के शोरूम पर गोली चलाकर भाग गए।
साजिश में शामिल सलमान और दिग्विजय को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार
फैजाबाद पुलिस के लिए चुनौती बने मामले के दो अभियुक्त दिग्विजय और सलमान को मुंबई पुलिस ने एक अन्य अपराध के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इसे पुलिस वारंट बी के माध्यम से पूछताछ के लिए फैजाबाद लाएगी। वहीं, एक अभियुक्त अभी भी फरार है।
पुलिस ने फायरिंग में प्रयुक्त असलहा और बाइक को बरामद कर लिया है। अभियुक्तों ने रंगदारी मांगने के लिए फर्जी आईडी की सिम का इस्तेमाल किया था। इस पर पुलिस सिम बेचने वाले शॉप के मालिक पर भी कार्रवाई करने जा रही है। वहीं, मद्रास टेक्सटाइल्स के मालिक राम कुमार मोटवानी और गोपीलाल मोटवानी ने पुलिस टीम को 51 हजार रुपए पुरस्कार देने की घोषणा की है।