Personal Finance

E-Gopala App : पशु पालकों को पीएम मोदी का तोहफा, नए ऐप से आमदनी होगी दोगुनी

E-Gopala App : पशु पालकों एवं किसानों को पशुधन प्रबंधन संबंधित जानकारी आदि देने के लिए लांच की गई ऐप गोपाला ऐप के जरिए सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है

less than 1 minute read
Sep 10, 2020
E-Gopala App

नई दिल्ली। किसानों और पशु पालकों की स्थिति को सुधारने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज यानि गुरुवार को एक खास ऐप लांच की है। जिसका नाम ई-गोपाला ऐप (E-Gopala App) है। इसके जरिए किसानों को पशुओं से जुड़ी सारी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। जो उनकी आमदनी को बढ़ाने में मदद करेगी। इस ऐप के जरिए डेयरी किसानों को काफी फायदा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐप के अलावा इसका सूचना पोर्टल भी लांच किया है।

क्या है ई गोपाला ऐप (What Is E-Gopala App)
यह एक व्यापक नस्ल सुधार बाज़ार और सूचना देने वाला डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसमें पशुधन का प्रबंधन करने वाले किसानों को कृत्रिम गर्भाधान, पशु की प्राथमिक चिकित्सा, टीकाकरण, उपचार और पशु पोषण आदि से संबंधित जानकारियां दी जाएंगी। इसके अलावा किसानों को इस क्षेत्र में विभिन्न सरकारी योजनाओं और अभियानों के बारे में भी जानकारी मिलेगी। वर्तमान में देश में पशुधन का प्रबंधन करने वाले किसानों के लिए कोई डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ये ऐप किसानों और पशुपालकों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

मैसेज से मिलेगा अलर्ट
आयुर्वेदिक दवा व एथनो पशु चिकित्सा के जरिए जानवरों का उपचार कैसे हो सकता है। साथ ही टीकाकरण कब कराना है, गर्भावस्था निदान आदि से जुड़ी अहम जानकारी के लिए गोपाला ऐप मैसेज के जरिए अलर्ट भेजेगा। इससे आपको कब और कैसे पशुओं का इलाज कराना है या सरकारी योजना का लाभ लेना है आदि के बारे में जानकारी मिलेगी। ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप के जरिए पशु पालकों का विकास होगा, जिससे उनकी कमाई भी बढ़ेगी।

Published on:
10 Sept 2020 04:36 pm
Also Read
View All