गोंडा

Gonda Accident: कमाने निकले थे, कफन में लौटे, सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ा, पत्नी बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल

Gonda road accident: गोण्डा के मोतीगंज क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में टाइल्स मजदूरी करने जा रहे दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार जीप की टक्कर से दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
2 min read
May 16, 2026
मृतक की वायरल फाइल फोटो
मृतक की वायरल फाइल फोटो

गोण्डा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवा श्रमिकों की जान चली गई। दोनों युवक बाइक से टाइल्स लगाने के काम के लिए गोण्डा जा रहे थे। तभी काजीदेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

गोण्डा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। झिलाही बाजार क्षेत्र के रहने वाले राम अवतार (20) और अंकित (18) रोज की तरह मेहनत-मजदूरी के लिए सुबह बाइक से गोण्डा जा रहे थे। दोनों युवक टाइल्स लगाने का काम करते थे। काम की तलाश में शहर की ओर निकले थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक काजीदेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंची। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और बेकाबू जीप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दुर्घटना करने वाली जीप को लिया कब्जे में चालक की तलाश के लिए लगाई गई टीम

सूचना मिलते ही मोतीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना करने वाली जीप को कब्जे में ले लिया गया है। जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

एक झटके में दो परिवारों का छिन गया सहारा

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि दोनों युवक मेहनत कर अपने परिवार का सहारा बनना चाहते थे। लेकिन एक पल में सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।

Updated on:
16 May 2026 06:34 pm
Published on:
16 May 2026 06:27 pm