
Gonda News: गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जम्मू जाने की जिद पूरी न होने से नाराज 10 वर्षीय बेटे ने अपने दिव्यांग पिता पर गड़ासे से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पिता का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। घटना के बाद बच्चे के व्यवहार और उसके जवाबों ने पुलिस व ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया है।
गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के बेसिया चैनग्राम पंचायत के भट्ठा गांव में रविवार दोपहर एक ऐसी घटना हुई, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। 10 वर्षीय बच्चे ने अपने 45 वर्षीय दिव्यांग पिता बिशन लाल चौहान पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, बिशन लाल चौहान के भाई जम्मू में मजदूरी करते हैं। कुछ दिन पहले गांव आए हुए थे। रविवार को वह वापस जम्मू लौट रहे थे। इसी दौरान बिशन लाल का बेटा देवराज भी उनके साथ जाने की जिद करने लगा। पिता ने उसे साथ भेजने से मना कर दिया। समझाने की कोशिश की, लेकिन बच्चा अपनी जिद पर अड़ा रहा। बताया जाता है कि डांट पड़ने के बाद नाराज होकर वह घर से बाहर निकल गया। वहीं दूसरी ओर बिशन लाल घर से कुछ दूरी पर एक आम के पेड़ के नीचे जाकर आराम करने लगे। इसी बीच देवराज गड़ासे लेकर वहां पहुंच गया। पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वार इतने तेज थे कि बिशन लाल गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और बिशन लाल के छोटे भाई श्याम मनोहर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान बच्चे ने खुद जमीन पर गड़ासे चलाने की तरह हाथों से वार करके दिखाया। कहा कि उसने इसी तरह पिता पर हमला किया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब बच्चे से पूछा गया कि उसकी मां पहले ही परिवार छोड़कर जा चुकी है। अब पिता भी घायल हैं। तो वह कैसे रहेगा। इस पर उसने बेफिक्री से जवाब दिया। "हम रह लेंगे, आप लोग यहां से जाइए। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पहले से ही मुश्किल परिस्थितियों में जीवन बिता रहा था। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। हर कोई यही सोच रहा है कि आखिर एक मासूम बच्चे के मन में इतना गुस्सा कैसे पैदा हो गया।