गोंडा में रातभर चले पुलिस ऑपरेशन में 25 हजार का इनामिया बदमाश दौलत खान मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, चोरी की बाइक, 40 हजार नकद और चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
गोंडा जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान 25 हजार रुपये के इनामिया शातिर बदमाश दौलत खान को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि इनामिया बदमाश दौलत खान क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है। जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 40 हजार रुपये नकद, चांदी के आभूषण तथा एक अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया है कि दौलत खान लंबे समय से चोरी और लूट की घटनाओं में संलिप्त रहा है। और उस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र की चौकी मिश्रौलिया के अंतर्गत नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शातिर बदमाश दौलत खान घायल हो गया जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके ऊपर 25 हजार का इनाम था। इसकी निशान देही पर एक अवैध तमंचा, बाइक कारतूस के अलावा 40 हजार की नगदी चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस बदमाश द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में दुकान और घरों में नकबजनी करके चोरी की गई। केस दर्ज कर अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके खिलाफ गोंडा के अलावा शाहजहांपुर रामपुर और उत्तराखंड राज्य में गंभीर धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं। इस मामले में पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।