
UP Rains: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही कम हो गई है। धूप निकलने से उमस बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने 14 जुलाई को गोंडा, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत 25 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अच्छी बारिश के लिए लोगों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर स्थिति में पहुंच गया है। जिससे कई जिलों में बारिश का सिलसिला थम गया है। लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकतर इलाकों में धूप निकल रही है। वातावरण में नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार 14 जुलाई को प्रदेश के करीब 25 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। इनमें गोंडा, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जैसे तराई क्षेत्र भी शामिल हैं। हालांकि इन जिलों में व्यापक या तेज बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य से कम बनी रह सकती है। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा। जबकि कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश कम होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी और उमस में इजाफा होने की संभावना भी जताई गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल ऐसा कोई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है। जो प्रदेश में व्यापक वर्षा करा सके। इसी वजह से मानसून की रफ्तार धीमी हुई है। हालांकि यह स्थिति लंबे समय तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जुलाई के आसपास प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर पूर्वांचल और उससे जुड़े जिलों में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है। इसके बाद कई इलाकों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत रविदास नगर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया और सोनभद्र में कहीं-कहीं हल्की-फु्ल्की बारिश हो सकती है।