
UP Rains: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। हालांकि उमस भरी गर्मी से लोगों को अभी राहत नहीं मिली है। शुक्रवार को पूर्वी यूपी के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के जिलों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हुई है। जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार की सुबह गोंडा सहित आसपास के जिलों में आसमान में बादल डेरा जमाए हुए हैं। लेकिन दिन में उमस बरकरार है।
मौसम विभाग के मुताबिक 18 जुलाई को तेज हवाओं के साथ पूर्वी यूपी के लगभग जिलों में बारिश होने की संभावना है। 19 जुलाई यानी रविवार से मंगलवार तक तीन दिन बहुत भारी बारिश के लिए IMD ने पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान रुक-रुक कर तीन दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले तीन दिनों तक अच्छी बारिश होती है। तो इससे न सिर्फ जलस्तर में सुधार होगा। बल्कि तापमान में भी प्रभावी गिरावट आएगी। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने के साथ ही खरीफ फसलों को भी फायदा पहुंचेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
बारिश की संभावना वाले प्रमुख जिलों में गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और आजमगढ़ प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, सहित कई जिले शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि निम्नवायु दाब क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। और प्रदेश के पूर्वी हिस्से में व्यापक वर्षा दर्ज की जा सकती है।