गोरखपुर

गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की हत्या: तेरहवीं में खाना खाते समय बांके से किया हमला, रास्ते में ऑटो से खींचकर तलवार से काटा

Murder of contractor: गोरखपुर में ठेकेदार की दो सगे भाइयों ने शनिवार शाम 6 बजे हत्या कर दी। ठेकेदार गांव में एक तेरहवीं में खाना खा रहे थे, तभी आरोपी ने पीछे से बांके से हमला कर दिया, इसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त उन्हें टैंपो में से खींच कर तलवार से काट डाला गया।
2 min read
Aug 09, 2026
Up news, gorakhpur news
घटना स्थल पर जुटी भीड़ (सोर्स: पत्रिका)

Gorakhpur news: गोरखपुर में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या कर दी गई। वह अहिरौली गांव में एक तेरहवीं के कार्यक्रम में खाना खा रहे थे, तभी गांव के ही राहुल चौधरी ने पीछे से बांके से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को ग्रामीण ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में राहुल और उसके भाई रोहित ने ऑटो रोक लिया। दोनों ने उन्हें बाहर खींचा और कुछ दूर ले जाकर तलवार से हमला कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है।

नामजद 3 अभियुक्तों सहित 7 संदिग्ध हिरासत में लिए गए

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कई टीमें आरोपियों को पकड़ने में जुट गईं। SP साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि मृतक के परिजन से प्राप्त तहरीर के आधार पर सिकरीगंज थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर नामजद 3 अभियुक्तों व 7 संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ व अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही हैं। पूरे गांव में भारी फोर्स तैनात हैं।

जानें पूरा मामला

घटना अहिरौली गांव में शनिवार शाम करीब छह बजे की है। गांव निवासी शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे। उनका परिवार गांव के साथ गोरखपुर शहर में भी रहता है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी सिविल कोर्ट में वकालत करते हैं। शनिवार को शिवकुमार गांव में छेदी चौधरी के ब्रह्मभोज में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वह भोजन कर रहे थे, तभी राहुल चौधरी ने पीछे से उन पर बांके से वार कर दिया।

हमले के बाद शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्हें ऑटो में लेकर जा रहे थे, तभी कुछ दूरी पर राहुल चौधरी अपने भाई रोहित के साथ दोबारा सामने आया। दोनों ने ऑटो रुकवाया और घायल शिवकुमार को जबरन बाहर निकाल लिया। लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों भाई उन्हें करीब 200 मीटर दूर ले गए। वहां उन पर तलवार से हमला किय, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी को प्रमुख वजह माना जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2024 में राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। उस मामले में शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस अब इस पुराने मामले और मौजूदा हत्या के बीच संबंध की जांच कर रही है।

Updated on:
09 Aug 2026 08:26 am
Published on:
09 Aug 2026 06:37 am