गुना

कलेक्टर ने की घोषणा, नेताओं ने दिए सुझाव, अमृतम् जलम् अभियान का समापन

राजनेता, अफसरों व समाजसेवियों ने किया श्रमदान, बहाया पसीना, फिर निखरेगा गोपालपुरा तालाब
3 min read
May 26, 2018
guna, guna news, guna patrika, patrika news, patrika bhopal, save water, water shortage, water problem, amritam jalam,
कलेक्टर ने की घोषणा, नेताओं ने दिए सुझाव, अमृतम् जलम् अभियान का समापन

गुना। पत्रिका ने गोपालपुरा तालाब में अमृतम् जलम् के तहत तालाब गहरीकरण का जो बीड़ा उठाया है, इसके लिए पत्रिका ग्रुप बधाई की पात्र है। जल है तो कल है, जल के बिना जीवन अधूरा है। पानी की बचत हो, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग हो, इसके लिए समाजसेवियों को आगे आना होगा। हम सब गोपालपुरा तालाब के लिए तन-मन से सहयोग करने को तैयार हैं।

यह बात वक्ताओं ने गोपालपुरा तालाब पर अमृतम् जलम् अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर कलेक्टर बी. विजय दत्ता ने घोषणा की कि गोपालपुरा तालाब को फिर निखारकर सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा और पुन: वोट चले, यह मनोरंजन का केन्द्र बने, जल्द ही एक प्रोजेक्ट बनवाया जाएगा और प्रयास यह रहे कि जल्द ही यहां काम शुरू हो। बैठक में जो भी सुझाव आएगा, उन सुझाव के अनुरूप भी काम कराया जाएगा।

अभियान के तहत 13 मई से समाजसेवी, धार्मिक, राजनीतिक दल के प्रतिनिधिओं ने गेंती, फावड़े चलाए और पसीना बहाने के बीच तसलों में भरकर मिट्टी ट्रेक्टर-ट्राली में भरकर फेंकी। शुक्रवार को उपस्थित अतिथियों का स्वागत पत्रिका के ब्यूरोचीफ प्रवीण मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का संचालन जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष वरुण सूद ने ही किया। कार्यक्रम में आभार गुना पत्रिका के कलेस्टर मार्केटिंग हैड मुकेश शर्मा ने व्यक्त किया। वक्ताओं ने इस मौके पर पत्रिका ग्रुप को इस सामाजिक अभियान और 11 वें स्थापना दिवस की बधाई देेते हुए कहा कि पत्रिका ने खबरों के आधार पर अपनी अलग पहचान बनाई और सामाजिक सरोकार भी निभाया।

शुरूआत में 7० साल के भारती ने चलाई गेंती
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के बड़े भाई रामस्वरूप भारती जिनकी उम्र 7० साल है, लेकिन इस उम्र में वे युवाओं से ज्यादा तालाब पर श्रमदान करते नजर आए। इसके अलावा दूसरे अतिथि भी पसीना बहाते हुए श्रमदान करने में आगे नहीं रहे बल्कि उन्होंने गेंती-फावड़े से तालाब को खोदा और मिट्टी से ट्रालियों को भर दिया।

ये भी आए सुझाव
— मॉनीटरिंग सेल बनाएं, सभी को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जाए, जिसमें वकील भी शामिल रहें।
— तालाब गहरीकरण का काम नपाध्यक्ष के नेतृत्व में होना चाहिए।
— वनों में कटाई बंद हो और पेड़-पौधे अधिक से अधिक लगाए जाएं, जिससे पर्यावरण शुद्ध हो।
— वन विभाग के अधिकारी तालाबों से अतिक्रमण हटवाएं ।
— जंगल बचाए रखने में सभी को सहयोग करना होगा।

इन महिलाओं ने किया श्रमदान
अभियान के तहत गोपालपुरा तालाब पर भाजपा महिला मोर्चा की शांति जोगी, पिस्ता ओझा, राजेश राजपूत, जेसीआई परिणिता की सुनीता त्यागी, सचिव ज्योति चौरसिया, प्रतिभा मिश्रा, निशा त्रिपाठी, हेमलता शर्मा आदि महिलाएं शामिल थीं।
ये भी रहे उपस्थित: सीएमओ पीएस बुन्देला, हरीश श्रीवास्तव, धर्मस्वरूप भार्गव, घनश्याम श्रीवास्तव, विकास जैन, सुरेश रघुवंशी, एके गुप्ता, शफीक, पत्रिका के मोहर सिंह लोधी, राकेश ओझा, मनोज गोस्वामी, राघवेन्द्र शर्मा, सिकेन्द्र राजपूत।

अभियान का हासिल: वापस लौटेगा तालाब का परिदृश्य- कलेक्टर
श्रमदान करने पर सभी के चेहरे पर मुस्कान थी। यह थकने वाला काम नहीं है। नेचुरल रिसोर्स के लिए सोचना है। गोपालपुरा तालाब पर पहले बोटिंग होती थी, इसे संवारा जाएगा और पुराना परिदृश्य वापस लौटेगा। पत्रिका में जल्द ही यह फोटो छपेगा। टेक्नीकल रिपोर्ट बनाकर उस पर काम किया जाएगा। १० लोगों की कमेटी बने। जून के पहले हफ्ते में बैठक बुलाएंगे।
विजय दत्ता, कलेक्टर

Published on:
26 May 2018 12:54 pm