
ग्वालियर. ग्वालियर में एक महिला के साथ एक के बाद एक ऐसी घटनाएं हुईं कि उसकी पूरी दुनिया ही उजड़ गई। पहले महिला के साथ उसके ही देवर ने डरा धमकाकर रेप किया और फिर जब महिला ने पति को देवर की करतूत के बारे में बताया तो पहले तो पति ने विश्वास नहीं किया लेकिन जब अपने साथ हुई ज्यादती के सबूत पत्नी ने पति को दिए तो पति ने शर्म के कारण अपनी जान दे दी। आपको जान कर हैरानी होगी कि पति की मौत के बाद भी देवर ने भाभी से हैवानियत की जिसके बाद अब महिला ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
देवर ने भाभी को बनाया हवस का शिकार
हजीरा इलाके में रहने वाली 28 वर्षीय रंजना (बदला हुआ नाम) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी लाइन नंबर दस में रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही पति, सास व देवर उसे परेशान करने लगे जिसकी शिकायत उसने पुलिस में दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पति ने उससे राजीनामा कर लिया और अपने साथ वापस घर ले गया। लेकिन राजीनामा होने के बाद जब वो ससुराल पहुंची तो कुछ दिन बाद ही देवर ने उसके साथ गलत हरकत करने लगा। विरोध करने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ रेप किया, इतना ही रेप करते वक्त फोटो व वीडियो भी लिए जिन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा।
पहले पति ने नहीं किया विश्वास, फिर किया सुसाइड
देवर की हरकत के बारे में रंजना ने पति को भी बताया लेकिन पहले तो पति ने उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया और उसे ही घर से बाहर निकाल दिया। घर से निकाले जाने के बाद रंजना एक किराए का कमरा लेकर बच्चों के साथ रहने लगी लेकिन यहां भी देवर ने उसे परेशान करना नहीं छोड़ा। वो आए दिन वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। देवर की हरकतों से परेशान होकर इसी साल मार्च के महीने में रंजना ने जान देने की कोशिश की और रेलवे ट्रैक पर जा पहुंची। लेकिन देवर ने उसके सुसाइड करने की जानकारी पति को दे दी और पति ने आकर उसे सुसाइड करने से रोक दिया। जिसके बाद रंजना ने पति को देवर की करतूतों के सबूत दिखाए। सबूत देखने के बाद पति परेशान रहने लगा और बदनामी के डर से एक दिन फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
पति की मौत के बाद भी नहीं माना देवर
शुक्रवार को पीड़िता रंजना (बदला हुआ नाम) थाने पहुंची और देवर की हरकतों के बारे में पुलिस को बताया। रंजना ने बताया कि पति की मौत के बाद भी आरोपी देवर उसे ब्लैकमेल कर अपनी हवस का शिकार बना रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। वहीं मामला दर्ज होने के बाद आरोपी देवर फरार हो चुका है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।