सोनागिर में लगने जा रहा है 5 दिनों का विशाल मेला, विदेशों से आते हैं दर्शनार्थी
दतिया। श्रीदिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र सोनागिर संरक्षित कमेटी के तत्वावधान में वार्षिक मेला का आयोजन 21 मार्च से पंचमी 25 मार्च तक किया जा रहा है। मेले में कई सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां चार ट्रेनों का अस्थायी ठहराव शुरू हो गया है।
पांच दिवसीय मेले में प्रतिदिन जिनालयों से भगवान चन्द्रप्रभु की रथयात्राएं निकाली जाएंगी। पांच दिवसीय मेले में तेरहपंथी कोठी, बीस पंथी कोठी, मोह वाली कोठी, भिण्ड वाले मंदिर एवं खरौआ समाज द्वारा रथ यात्राएं निकाली जाएंगी। रथयात्रा मंदिरों से शुरु होकर विशाल धर्मशाला में पहुंचकर वापस मंदिर में पहुंचकर संपन्न होगी। मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए 21 से 25 मार्च तक रात्रि में 8 बजे से सोनागिर में मनोज कुमार नाटक पार्टी एवं नाटक मंच के साथ प्रभु भक्ति की झंकार शुभम सैमी संगीत पार्टी ग्वालियर की भजन संध्या समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
झांसी रेलमंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 21 मार्च से शुरू होने वाले सोनागिर मेले के लिए सोनागिर स्टेशन पर चंबल एक्सप्रेस, बुंदेलखण्ड, लिंक एक्सप्रेस एवं उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रुकने लगी हैं। वहीं पठानकोट, छत्तीसगढ़ एवं पैसेंजर स्थाई रूप से रुकती हैं। ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मप्र की डिपो बसें सोनागिर तिराहे पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए रुकेगी।