ग्वालियर

लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त खातों में ट्रांसफर, चेक कर लें अकाउंट

Ladli Behna Yojana: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर की लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त।
2 min read
cm mohan yadav
ladli behna yojana 34th installment transferred cm mohan yadav

Ladli Behna Yojana: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 13 मार्च को ग्वालियर जिले के घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त के रूप में 1836 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने 122 करोड़ रुपये की लागत के 54 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने मंच से ये भी कहा कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल सब सुलभ है। कोई किल्लत नहीं है। हमने प्रशासन को मुस्तैद रहने को कहा है। किसी प्रकार की कोई घबराहट की जरूरत नहीं है। कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

लाड़ली बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर

मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त शुक्रवार को सीएम मोहन यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर की है। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लाड़ली बहना सम्मेलन में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, राज्य सरकार के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह भी मौजूद रहे।

कांग्रेस पर बरसे, विकासकार्यों की दी सौगात

इस दौरान सीएम मोहन यादव ने ग्वालियर जिले में लगभग 122 करोड़ रुपए की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें लगभग 62 करोड़ रुपए के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपए के 35 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश को लज्जित करने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी को अपनी गंभीरता का एहसास होना चाहिए। जब दुनिया युद्ध के मुहाने पर खड़ी है, ऐसे में देश का एकजुट होना जरूरी है। पक्ष और विपक्ष को एक साथ होना जरूरी है लेकिन राहुल गांधी लगातार देशवासियों के साथ प्रशासन को लज्जित करने का काम कर रहे हैं।

Published on:
13 Mar 2026 06:50 pm