
fake income tax raid robbery contractor house special 26 style
MP News: मध्यप्रदेश के धार जिले के बाग में शुक्रवार को बॉलीवुड फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर धड़धड़ाते हुए एक ठेकेदार के घर में दाखिल हुए और ठेकेदार के पूरे परिवार को घर के एक कमरे में बंद कर घर से 50 तोला सोना और तीन लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वारदात सुबह करीब 10 बजे की है, जब तक ठेकेदार व उनके परिवार वालों को अपने साथ हुई घटना का एहसास होता बदमाश लूट कर फरार हो चुके थे।
धार जिले के बाग में ब्राह्मण मोहल्ले में रहने वाले ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर में सुबह 10 बजे 5 बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बनकर एक स्कॉर्पियो गाड़ी से पहुंचे। इनमें से 2 पुलिस वर्दी में, तीन सादी ड्रेस में थे। बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार मालवी को घर पर इनकम टैक्स की रेड पड़ने का झांसा दिया और कहा कि आपके पास ब्लैक मनी होने की शिकायत मिली है, हम इसकी जांच करने आए हैं। इतना कहने के बाद पांचों घर की तलाशी लेने लगे। बदमाशों ने ठेकेदार की पत्नी से अलमारी की चाबी ली और अलमारी में से 50 तोला सोने के जेवरात व 3 लाख रुपये नकद निकाल लिए।
अलमारी से जेवरात व नकद निकालने के बाद बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार मालवी और उनकी पत्नी कृष्णा मालवी को घर के ही एक कमरे में बंद कर दिया। दंपति को कमरे में बंद करने के साथ ही बदमाशों ने उनके मोबाइल भी ले लिए और फिर घर का ताला बाहर से लगाकर फरार हो गए। इसके बाद ठेकेदार राजकुमार मालवी ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और घर के बाहर लगे ताले को तोड़कर ठेकेदार व उनकी पत्नी को बाहर निकाला। ठेकेदार के घर हुई लूट का पता चलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घर का निरीक्षण किया। पुलिस को ठेकेदार के घर से ले जाए गए तीन मोबाइलों में से एक बायपास पर कचरे के ढेर के पास मिला है। पुलिस जल्द ही बदमाशों को पकड़ने की बात कह रही है।
Updated on:
13 Mar 2026 04:54 pm
Published on:
13 Mar 2026 04:44 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
