
ias vandana vaidya farmhouse gambling raid
MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के मानपुर थाना इलाके के अवलीपुरा गांव में स्थित पर एक फार्म हाउस पर छापा मारते हुए पुलिस ने 18 जुआरियों को पकड़ा है। जुआरी यहां ताश के पत्तों पर लाखों के दांव लगाते हुए रंगेहाथों पकड़ाए हैं। पुलिस ने जुआरियों के पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद जब्त किए हैं। जिस फार्म हाउस पर जुआरी जुआ खेलते पकड़ाए हैं वो IAS वंदना वैद्य व उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर है। अभी फार्म हाउस की देखभाल गांव का ही एक व्यक्ति कर रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर हाईप्रोफाइल जुआरी जुआ खेल रहे हैं। इस सूचना पर मानपुर थाना पुलिस ने फार्म हाउस पर छापा मारा तो वहां 18 जुआरी जुआ खेलते हुए पकड़ाए। पुलिस ने जुआरियों के पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद, 30 मोबाइल, 10 नई ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त की हैं। पुलिस के पहुंचते ही पांच जुआरी मौके से भाग निकले जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक जब फार्म हाउस पर टीम पहुंची तो बाहर से ताला लगा हुआ था लेकिन अंदर से लोगों की आवाज आ रही थी।
जिस फार्म हाउस में जुआरी पकड़ाए हैं वो IAS वंदना वैद्य व उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम है। IAS वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक (MD) हैं। IAS वंदना वैद्य ने मीडिया से बात करते हुए साफ किया है कि उनका इससे कुछ लेना-देना नहीं है। जो चौकीदार फार्म हाउस की रखवाली के लिए रखा गया था उसके द्वारा ही ये किया गया है। मामले में मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर का कहना है मुखबिर की सूचना पर अवलीपुरा स्थित फार्म हाउस पर दबिश दी गई थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों से नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं।
Updated on:
11 Mar 2026 03:37 pm
Published on:
11 Mar 2026 03:37 pm
