
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के टेकनपुर में नहर हाइवे के पास रेत माफियाओं ने रेत कंपनी के कर्मचारियों पर फायरिंग की है। हालांकि, राहत की बात ये रही कि, इस गलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। किसी को गोली नहीं लगी है। खास बात ये है कि, फायरिंग की घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ हवाई फायरिंग का मामला दर्ज कर लिया है। घटना शुक्रवार की रात की है, मामला डबरा सिटी थाना क्षेत्र का है। एक दिन बाद भी कोई आरोपी नहीं पकड़ा जा सका है। पूरा मामला रॉयल्टी विवाद को लेकर बताया गया है।
ग्वालियर जिले में रेत उत्खनन का ठेका आरएसई स्टोन वल्र्ड प्राइवेट लिमिटेड के पास है। कंपनी का चेक पोस्ट टेकनपुर तिराहे पर स्थित है। रेत से भरे वाहनों की यहां रॉयल्टी चेक की जाती है। शुक्रवार की रात कंपनी कर्मचारी अर्जुन सोलंकी जो कि अन्य कर्मचारियों के साथ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एक रेत से भरा ट्रैक्टर वहां से निकला, जिसे रोकने का प्रयास करने पर वह भागा। उसके पीछे एक और अन्य ट्रैक्टर तेज गति से निकला। अर्जुन सोलंकी ने अन्य कर्मचारियों के साथ दोनों ट्रैक्टरों का पीछा किया।
टेकनपुर नहर के पास भरथरी पुल के समीप जब उन्होंने ट्रैक्टरों को रोकने की कोशिश की तो ट्रैक्टर चालकों ने अर्जुन सोलंकी के वाहन स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद मौके पर और भी लोग पहुंच गए, अंधाधुंध फायरिंग की। करीब 20 से 24 फायरिंग की गई है। सूचना पर टेकनपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद भी रेत माफिया पुलिस की मौजूदगी में फायरिंग करने से नहीं चुके।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी ये बोल रहा है कि, तुम्हें पुलिस नहीं दिख रही, ये सुनाई दे रहा है। जबकि दूसरी ओर से लगातार गोली चलने की आवाजें आ रही हैं। इधर, सभी आरोपी भाग गए। डबरा सिटी थाना पुलिस ने यशपाल गुर्जर, संजीव गुर्जर, मनीष गुर्जर, गोलू गुर्जर और प्रदीप गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले को लेकर डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा का कहना है कि, पांच के खिलाफ हवाई फायरिंग का मामला दर्ज कर लिया है। पकड़ने के लिए उनके संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।