हनुमानगढ़

Hanumangarh : आबकारी विभाग की टीम पर हमला, सरकारी वाहन को किया क्षतिग्रस्त, अधिकारी घायल, आरो​पियों पर FIR

Hanumangarh : हनुमानगढ़ में हथकढ़ शराब मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने मक्कासर गांव पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है|
2 min read
Hanumangarh excise team attack government vehicle vandalized officer injured fir filed
Hanumangarh : फोटो - AI

Hanumangarh : हनुमानगढ़ में हथकढ़ शराब मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने मक्कासर गांव पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में आबकारी प्रहराधिकारी की रिपोर्ट पर जंक्शन थाने में 2 व्यक्तियों के खिलाफ शुक्रवार रात मामला दर्ज कराया गया। जानकारी के अनुसार आबकारी निरोधक दल के प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ फरार आरोपी दीपचंद उर्फ दीपा को पकड़ने शुक्रवार शाम मक्कासर गांव पहुंचे थे। आरोपी के घर पर पूछताछ के बाद टीम वापस लौट रही थी, तभी विक्रम सिंह व एक अन्य ने सरकारी वाहन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि दोनों ने ईंट-पत्थर फेंके और लाठियों से वार कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। बीच-बचाव करने पर प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह के पैर में चोट लगी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामला दर्ज कर जांच शुरू

इस संबंध में आबकारी प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने विक्रम सिंह व एक अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

5000 का इनामी हिस्ट्रीशीटर अवैध पिस्टल व कारतूस सहित गिरफ्तार

एक अन्य मामले में हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अवैध हथियारों एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टाउन थाना पुलिस ने पांच हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

एसपी बी. आदित्य ने बताया कि एएसपी मुख्यालय अरविंद बिश्नोई के सुपरविजन तथा टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में लखूवाली पुलिस चौकी प्रभारी किशोर मान ने मय टीम शुक्रवार को गांव रणजीतपुरा से मोहनमगरिया मार्ग पर यह कार्रवाई की। पुलिस ने नरेश कुमार भादू (27) पुत्र रामप्रताप जाट, निवासी वार्ड आठ, मिर्जेवाली मेर, थाना तलवाड़ा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल (315 बोर), तथा तीन जिंदा कारतूस मोटरसाइकिल (आरजे-31 एसएस-0015) बरामद की गई।

इस संबंध में हनुमानगढ़ टाउन थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 (1-बी) (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राजाराम को सौंपी गई है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी किशोर मान, जसवंत सिंह तथा कांस्टेबल रामनारायण की विशेष भूमिका रही।

Updated on:
18 Jul 2026 01:18 pm
Published on:
18 Jul 2026 01:17 pm