हनुमानगढ़

Hanumangarh: मृतक को कागजों में जिंदा किया; फिर भाई को पति बनाकर 6,88,000 रुपए क्लेम उठाया

Life Insurance Fraud Case: इंश्योरेंस घोटालों को अंजाम देने वाले हरियाणा के गिरोह राजस्थान क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसको लेकर हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी थाने में कई जनों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया है, जिसमें गांव नेठराणा के मृत व्यक्ति को पहले दस्तावेजों में जिंदा दिखाया गया और बाद में दोबारा मृत दर्शाकर लाखों रुपए का बीमा क्लेम उठा लिया गया।
2 min read
Fake Insurance Claim,Hanumangarh
फर्जी बीमा क्लेम मामले में गोगामेड़ी थाने में केस दर्ज, पत्रिका फोटो

Life Insurance Fraud Case: इंश्योरेंस घोटालों को अंजाम देने वाले हरियाणा के गिरोह राजस्थान क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसको लेकर हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी थाने में कई जनों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया है, जिसमें गांव नेठराणा के मृत व्यक्ति को पहले दस्तावेजों में जिंदा दिखाया गया और बाद में दोबारा मृत दर्शाकर लाखों रुपए का बीमा क्लेम उठा लिया गया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद हो सकेगी।

आरोप है कि गिरोह के लोग राजस्थान के हनुमानगढ़ में तकनीक, फर्जी दस्तावेज और कागजी कार्यवाही के जरिए मृत व्यक्तियों के नाम पर बीमा पॉलिसियों का खेल खेलकर बीमा कंपनियों को लाखों रुपए का चूना लगा रहे हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब आरोपियों ने 25 लाख रुपए की एक अन्य बीमा पॉलिसी का दावा पेश किया और कंपनी की जांच में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि इंश्योरेंस इन्वेस्टर और बीमा एजेंटों की कथित सांठगांठ से राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के गिरोह सक्रिय हैं।

भाई को बना दिया पति

हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी थाने में दर्ज प्रकरण के अनुसार हरियाणा के आरोपियों ने मृतक रोहताश पुत्र तिलोकाराम कुम्हार निवासी गांव नेठराणा के नाम पर बीमा पॉलिसी का खेल रचा। आरोप है कि मृतक की पत्नी व बीमा पॉलिसी की नोमिनी शारदा ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अपने भाई को ही फर्जी दस्तावेजों में पति रोहताश के रूप में प्रस्तुत कर दिया।

जांच में सामने आया कि पॉलिसी भुगतान के दस्तावेजों में लगी फोटो रोहताश की नहीं बल्कि उसके साले की थी, जो सिद्धमुख जिला चूरू का निवासी है। इसी आधार पर 6,88,434 रुपए की बीमा राशि का क्लेम प्रस्तुत कर भुगतान प्राप्त कर लिया गया।

हिसार में मौत, बना नया मृत्यु प्रमाण-पत्र

नोहर निवासी श्यामसुंदर पुत्र किशनलाल ने 26 अप्रेल को गोगामेड़ी पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि 10 फरवरी को उसे उक्त पॉलिसी की जांच सौंपी गई थी। इसमें सामने आया कि रोहताश का पता उसकी मौत से पहले वार्ड एक, गली नंबर दो, न्यू ऋषि नगर हिसार था। उसने 31 अक्टूबर 2024 को अपने हिसार स्थित घर में आत्महत्या कर ली थी। इसका रिकॉर्ड आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पार्वती देवी के विभागीय रजिस्टर में दर्ज मिला।

इसके बावजूद आरोपियों ने 14 अप्रेल 2025 को हरियाणा के जींद स्थित एक निजी हॉस्पिटल से रोहताश का मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार करवाया, जिसमें मौत का कारण हृदयाघात दर्शाया गया। परिवाद में शारदा के साथ तहसील बेजलपुर जिला फतेहाबाद निवासी बंशीलाल, सुरेंद्र पुत्र मांगेराम तथा सुरेंद्र बेनीवाल के नाम भी शामिल हैं।

पुलिस हिसार से जुटाएगी तथ्य

मामले की जांच कर रहे गोगामेड़ी थाने के एएसआई प्रवीण ने बताया कि जांच चल रही है। अभी मामले से संबंधित स्थानों पर जाकर जानकारी जुटाने का समय नहीं मिला है। मृतक नेठराणा का रहने वाला है। जबकि घटनाक्रम हिसार से जुड़ा हुआ है। वहां अभी संपर्क नहीं हो पाया है। मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है।

Updated on:
02 Jun 2026 11:42 am
Published on:
02 Jun 2026 11:42 am
Also Read
View All
Rajasthan: पालिकाध्यक्ष बनाने के नाम पर 60 लाख लेने का आरोप, कांग्रेस MLA बोले- राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास

हनुमानगढ़ में फर्जी प्रमाण पत्रों का बड़ा खेल: हिंदू जोड़े का बना दिया निकाहनामा, 25 बर्थ सर्टिफिकेट NOC मिलीं फेक

Hanumangarh : आबकारी विभाग की टीम पर हमला, सरकारी वाहन को किया क्षतिग्रस्त, अधिकारी घायल, आरो​पियों पर FIR

Rajasthan: गांव के सरकारी स्कूल में पढ़े किसान के बेटे ने NEET परीक्षा में हासिल की 11वीं रैंक, पिता का सपना हुआ पूरा

राजस्थान: गर्भ में बेटी बताकर कराता था गर्भपात, सैकड़ों अजन्मे बच्चों की हत्या की आशंका; हरियाणा से शातिर दलाल गिरफ्तार