
राजस्थान पुलिस (फाइल फोटो-पत्रिका)
हनुमानगढ़। जिले में पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां कथित रूप से लगातार तनाव और धमकियों से परेशान होकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पति ने पुत्रवधू सहित उसके माता-पिता पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए टाउन थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार टाउन क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 स्थित गंगा विहार निवासी जगदीश चुघ (62) पुत्र मूलचंद अरोड़ा ने रिपोर्ट दी कि उसके पुत्र गगनदीप का विवाह करीब आठ वर्ष पहले संगरिया निवासी काजल से हुआ था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ता रहा और घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
परिवादी के अनुसार पुत्रवधू काजल परिवार को दहेज के झूठे मामले में फंसाने और आत्महत्या कर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकियां देती थी। आरोप है कि इस मामले में उसके पिता यादवेन्द्र और माता सुषमा भी उसका साथ देते थे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि काजल परिवार की दुकान से होने वाली आय अपने पास रखती थी और संपत्ति अपने नाम करवाने को लेकर भी अक्सर विवाद करती थी। इन मामलों को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी।
रिपोर्ट के मुताबिक 24 मई की सुबह भी संपत्ति को लेकर घर में विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान काजल ने मृतका बीना देवी के साथ गाली-गलौच की और धक्का-मुक्की करते हुए धमकियां दीं। घटना के बाद बीना देवी मानसिक रूप से काफी परेशान हो गईं और अपने कमरे में चली गईं। वहां उन्होंने कथित रूप से सल्फास की गोलियां खा ली।
परिजनों ने उन्हें तत्काल हनुमानगढ़ राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान अगले दिन उनकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका की पुत्रवधू काजल, उसके पिता यादवेन्द्र और माता सुषमा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई रामकेर को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
Updated on:
26 May 2026 09:23 pm
Published on:
26 May 2026 09:23 pm
