
घायल अलवर रेफर (फोटो-पत्रिका)
अलवर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 106/980 हादरहेडा के समीप शाम करीब 4:30 बजे हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार पंजाब के फिरोजपुर जिले के मलकेई गांव निवासी चार युवक मध्य प्रदेश से अपने घर पंजाब लौट रहे थे। वे जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार कार पहले सड़क किनारे लगी थाई बीम से टकराई और उसके बाद सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बड़ौदामेव थाना प्रभारी मोहन सिंह गुर्जर ने बताया कि हादसे में कार सवार गुरप्रीत सिंह, सेवक सिंह और सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संदीप सिंह पुत्र कश्मीर सिंह (27) निवासी मलकेई, जिला फिरोजपुर (पंजाब) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल और मृतकों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी इंचार्ज डॉ. आशीष गोसाई ने प्राथमिक उपचार किया।
डॉक्टरों ने संदीप सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चलाते समय सतर्कता और पर्याप्त आराम की जरूरत को उजागर किया है। पुलिस भी लगातार वाहन चालकों से थकान या नींद आने पर वाहन रोककर आराम करने की अपील करती रही है। लेकिन लगातार इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं।
Updated on:
26 May 2026 08:23 pm
Published on:
26 May 2026 08:23 pm
