हनुमानगढ़

Crime: पंजाब में गैंगवार से पहले हनुमानगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 11 पिस्टल के साथ पकड़े बंबीहा गैंग के 2 गुर्गे

2 Bambiha Gang Members Arrested: हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब में संभावित गैंगवार की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान बंबीहा गैंग के दो गुर्गों को 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया गया।

2 min read
हनुमानगढ़ में पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो: पत्रिका)

Hanumangarh Police Action: हनुमानगढ़ के टाउन पुलिस ने पंजाब में संभावित गैंगवार की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए रविवार को बंबीहा गैंग के दो गुर्गों को अवैध हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी इंदौर से पंजाब की ओर 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन की सप्लाई करने जा रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि इन हथियारों का उपयोग पंजाब क्षेत्र में गैंगवार सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था।

हनुमानगढ़ में जब्त ह​थियारों के साथ पुलिसकर्मी (फोटो: पत्रिका)

आईजी बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं एसपी हनुमानगढ़ हरीशंकर यादव ने लखुवाली चौकी में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्रवाई का खुलासा किया। आईजी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संगठित अपराध एवं गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। उन्होंने बताया कि एसपी, एएसपी अरविंद बिश्नोई व सीओ सिटी मीनाक्षी के सुपरविजन तथा टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई अंजाम दी।

बस से जा रहे थे पंजाब

आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि मुखबिर सूचना पर लखुवाली चौकी प्रभारी किशोर मान ने मय टीम मेगा हाइवे पर नाकाबंदी शुरू की। एक बस को रुकवा कर जांच की गई। इस दौरान दो संदिग्ध युवक बस से उतरकर मुख्य नहर के पटड़े की ओर जाने लगे। उनका पीछा कर तलाशी ली तो बैग से 11 पिस्टल व 22 मैग्जीन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन (30) पुत्र कलवंत सिंह उर्फ पप्पू सिंह व पवनदीप सिंह उर्फ बिल्ला उर्फ सन्नी (25) पुत्र बगा सिंह दोनों निवासी बरगाड़ी तहसील जैतो जिला फरीदकोट पंजाब के रूप में हुई। पवनदीप सिंह के खिलाफ पूर्व में आम्र्स एक्ट व संगठित अपराध के तीन प्रकरण दर्ज हैं। जबकि अमनदीप के खिलाफ मारपीट के मामले दर्ज हैं।

भैया को करने थे सप्लाई

एसपी हरीशंकर यादव ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पंजाब के बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। हथियारों की सप्लाई विशाल उर्फ भैया को करनी थी जिसे वह आगे किसी अन्य गैंग को करता। इन हथियारों का इस्तेमाल गैंगवार व अन्य अपराधिक गतिविधियों में किए जाने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों से गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों व हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सारा असला देशी

एसपी हरीशंकर ने बताया कि आरोपियों से जब्त सभी हथियार देशी हैं। मध्यप्रदेश के खरगोन से खरीदे गए थे और पंजाब के फरीदकोट में सप्लाई किए जाने थे। सभी पिस्टल अच्छी क्वालिटी की जान पड़ रही है।

टीम की पदोन्नति का प्रस्ताव

आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में लखुवाली चौकी के सउनि किशोर मान, सउनि जसवंत सिंह, कांस्टेबल रामनारायण व कांस्टेबल राकेश शामिल रहे। विशेष भूमिका रामनारायण व राकेश की रही। एसपी को टीम की पदोन्नति का विशेष प्रस्ताव भिजवाने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें

जयपुर में होली का जश्न: घर जाने से पहले हजारों छात्रों ने मचाया धमाल, DJ की धुन और रंगों के बीच थिरकी पिंक सिटी

Published on:
02 Mar 2026 12:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर