
Indore Lady Constable Harassment: मध्यप्रदेश के इंदौर में पदस्थ एक लेडी कॉन्स्टेबल ने हेड कॉन्स्टेबल पर छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक हेड कॉन्स्टेबल उसका लगातार पीछा कर रहा है, कार में बंधक बनाकर धमकी दे चुका है और शादी करने का दबाव बना रहा है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल देवास पुलिस लाइन में पदस्थ है, जिसके खिलाफ लेडी कॉन्स्टेबल की शिकायत पर इंदौर के बाणगंगा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
लेडी कॉन्स्टेबल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि एक साल पहले जब वो देवास में पदस्थ थी, तब उसकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा से हुई थी। शुरुआत में उनके बीच बातचीत होती थी लेकिन बाद में राहुल शर्मा फोन कर उसे परेशान करने लगा। कई बार राहुल शर्मा को समझाया लेकिन इसके बावजूद वो नहीं माना और फोन कर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। राहुल शर्मा की हरकतों से परेशान होकर लेडी कॉन्स्टेबल ने अपना ट्रांसफर देवास से इंदौर करा लिया।
लेडी कॉन्स्टेबल के मुताबिक देवास से इंदौर ट्रांसफर कराने के बाद भी आरोपी हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वो लगातार उसे फोन करता रहा, जब परेशान होकर उसने राहुल शर्मा का नंबर ब्लॉक कर दिया तो वो नंबर बदल-बदलकर फोन करने लगा। इतना ही नहीं इंदौर आकर उसका पीछा करता है। कुछ दिन पहले जब वो एक आरोपी का मेडिकल कराने के लिए अस्पताल गई थी, तब राहुल शर्मा वहां भी पहुंच गया और बात करने पर मना किया तो विवाद किया।
लेडी कॉन्स्टेबल ने अपनी शिकायत में ये भी बताया है कि एक दिन आरोपी हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा ने उसे जबरदस्ती अपनी कार में बैठा लिया। उसका मोबाइल छीन लिया और शादी का दबाव बनाया। इसी दौरान जब मोबाइल पर मां का कॉल आया तो उसने मां को बताया कि राहुल ने उसे कार में बंधक बना लिया है, इसके बाद पिता व भाई जब मौके पर पहुंचे तो राहुल वहां से भाग गया। पुलिस ने पीड़ित लेडी कॉन्स्टेबल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।