इंदौर

किराये के मकानों में लड़कियों का आना-जाना, आपत्तिजनक हरकतें, डर के बीच एक्शन मोड में पुलिस

MP News: किरायेदारों की हरकतों से लोगों में दहशत, असुरक्षा ने डराया, मकान मालिक बने रहते हैं बेखबर... सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी की हत्या के बाद फिर उठे सवाल...
2 min read
Mar 28, 2026
MP News Indore Crime
MP News Indore Crime(photo: patrika creative)

MP News Indore Murder Case: इंदौर शहर में किराए के फ्लैट, घर और एप से बुक हो रही प्रॉपर्टी में अवैध गतिविधियों में लिप्त किराएदारों से कॉलोनी, सोसायटी, बिल्डिंग में रहने वाले अन्य लोगों में असुरक्षा का भाव उत्पन्न होने लगा है। मकान मालिकों को इस बात से मतलब नहीं होता है कि उनका किराएदार उनकी संपत्ति पर क्या गलत कर रहा है। वारदात होने पर किराएदार की थाने में जानकारी नहीं देने पर छह माह से पुलिस ने 100 से अधिक मकान मालिकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी की हत्या के बाद फिर उठे सवाल

मालूम हो, गुरुवार रात लसूड़िया थाना क्षेत्र में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पति सौरभ पांडे निवासी सागर समृद्धि, शिव वाटिका के समीप की हत्या से एक बार फिर किराएदारों की हरकतों और मकान मालिकों की मनमानी पर सवाल उठे हैं।

''13 दिन पहले शंपा परिवार के साथ बिल्डिंग के नए फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं। वहां बिल्डिंग के पेंट हाउस को मालिक कुलदीप चौधरी ने एयर बीएनबी को किराए पर दिया था। युवक-युवतियों के वहां आने और उनकी आपत्तिजनक हरकतों पर बिल्डिंग के रहवासियों ने विरोध किया था। इस विवाद में कुलदीप ने अपने बेटे मोहनीश (18) को वहां बुलाया। मोहनीश ने तेज कार चलाकर शंपा सहित 2 को टक्कर मारी। कार की चपेट में आने से शंपा की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के केस में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।''

इन वारदातों से पहले भी दहला शहर

केस - 1

वर्ष 2025 में ग्वालियर की मेकअप आर्टिस्ट लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में दोस्त के घर पार्टी में शामिल होने आई थी। पार्टी में शामिल युवक ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में पता चला कि मकान किसी और ने किराए पर लिया था और रह कोई और रहा था।

केस - 2

चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलांग पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि हत्याकांड के बाद देवास नाका स्थित किराए के फ्लैट में आरोपी रुकी थी। फ्लैट किसी और ने किराए पर लिया था। पुलिस ने फ्लैट से साक्ष्य बरामद किए थे।

पुलिस को नहीं मिलती जानकारी

मकान, फ्लैट, ऑफिस किराए पर देने वाले मकान मालिक किराएदार की जानकारी थाने पर नहीं देते हैं। ऐसे मकान मालिकों की पुलिस जांच कर रही है। छह माह में जोन के विभिन्न थानों में 100 से अधिक केस बीएनएस की धारा 223 के तहत केस दर्ज किए हैं। एयर बीएनबी के तहत प्रॉपर्टी किराए पर देने की जानकारी पुलिस के पास नहीं होती है।

-कुमार प्रतीक, डीसीपी जोन-2

पेंट हाउस की होगी जांच

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के मामले में पेंट हाउस की जांच के निर्देश दिए हैं। शहर में अन्य स्थानों के पेंट हाउस व उनकी गतिविधियों का भी परीक्षण कराया जाएगा।

- पुष्यमित्र भार्गव, महापौर

Updated on:
28 Mar 2026 10:36 am
Published on:
28 Mar 2026 10:36 am