mp news: बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को चुनौती के रूप में देखा है, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को पूरी दुनिया अपना रहा है।
mp news: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) मंगलवार को इंदौर में थे। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में हिस्सा लिया और कहा कि यह अभियान देश को प्रेरणा देगा। ओम बिरला सुबह पितृ पर्वत पर भी गए, जहां उनके साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी थे। सभी ने मिलकर पौधा रोपा। गौरतलब है कि इस अभियान के अंतर्गत इंदौर शहर 51 लाख पौधे रोपकर वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की तैयारी कर रहा है।
मंगलवार को सुबह इंदौर पहुंचने के बाद ओम बिरला रेसीडेंसी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इंदौर आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आंदोलन की धरती है,जो हमेशा देश को प्रेरणा देती है।
बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को चुनौती के रूप में देखा है, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को पूरी दुनिया अपना रहा है। एक पेड़ मां के नाम एक सामाजिक आंदोलन है। इंदौर से शुरू हुआ यह अभियान देश के सभी शहर और गांवों को प्रेरणा देता रहेगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ ही इंदौर सांसद शंकर लालवानी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद थे। इंदौर पहुंचने पर ओम बिड़ला को गार्ड आफ ऑनर दिया गया।
बिरला दोपहर में नगर निगम के नए अटल परिषद हाल में आयोजित पार्षदों के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। साथ ही सदन के संचालन, सवालों के प्रस्तुतिकरण संबंधी कुछ टिप्स भी देंगे। शाम 4.30 बजे इंदौर के रवींद्र नाट्य गृह में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिरला रात 8.10 की फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।