
इंदौर। चंदन नगर में एक सौतेले बेटे ने पिता को पीट दिया। मां से विवाद करने पर पिता ने बेटे को समझाया। यह बात उसे बुरी लगी और उसने पत्थर मारकर उसका सिर फोड़ दिया।
नारायण पिता भागीरथ विश्वकर्मा (55) निवासी शांतिनगर की शिकायत पर योगेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी उनकी पत्नी रानी का पहली शादी का बेटा है। वह उनके साथ ही रहता है। वह अपनी मां से आए दिन विवाद करता है। इसके चलते उन्होंने उसे समझाया कि मां से लड़ाई मत किया करो। इसी बात को लेकर वह भड़क गया। वह उनसे विवाद करने लगा। उसे गाली-गलौज करने से मना किया तो मारपीट करना शुरू कर दिया। पास ही में पड़ी फर्शी उठाकर सिर पर मार दी। इससे सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा। पत्नी रानी ने बीच-बचाव किया तो योगेश ने अपनी मां के साथ में भी मारपीट कर दी।
भागने से रोका तो पति ने पत्नी को पीट दिया
द्वारकापुरी में रहने वाली महिला के साथ पति ने मारपीट कर दी। लीलाबाई निवासी जवाहर टेकरी ने पति विनोद के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को बताया कि मां शेरीबाई आंगन मेें बैठी हुई थी। विनोद आया और उसे वहां से भगाने लगा। जब उसने पति को रोका तो आरोपी ने उसे पीट दिया। वहीं महू में रहने वाली महिला को भी पति ने पीट दिया। मेघा निवासी धार नाका ने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है पति उसके चरित्र पर शंका करता है। इसी बात पर आरोपी ने विवाद किया और उसे पीट दिया।
जेठ-जेठानी ने पीटा
पागनीस पागा में रहने वाली अंजलि चौहान को उसके जेठ-जेठानी ने पीट दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने किराए के मकान से ससुराल अलमारी रखने के लिए गई थी। वहां पर जेठ रवि, महेश, जेठानी रीना और सास रूपा ने विवाद किया और उसके साथ में मारपीट कर दी।