जबलपुर

7 दिन में तोड़ देती थी सात जन्मों का साथ, 32 साल की उम्र में बनाए 32 शिकार

कॉन्सटेबल को दूल्हा बनाकर राजस्थान की पुलिस ने जाल बिछाकर मध्यप्रदेश से पकड़ी लुटेरी दुल्हन..
2 min read
May 14, 2022
jabalpur_dulhan.jpg

जबलपुर. सीता, काजल, किरन, आरती...और भी न जाने कितने नामों के साथ उसने 32 दूल्हों को अपना शिकार बनाया। सभी के साथ सात फेरे लिए..सात जन्मों तक साथ देने का वादा किया लेकिन किसी एक के साथ ही सात दिन से ज्यादा का वक्त नहीं गुजारा। शादी के आठवें दिन ही ये शातिर दुल्हनिया सारा माल लेकर फरार हो जाती थी। 32 साल की उम्र में 32 दूल्हों को कंगाल करने वाली इस लुटेरी दुल्हन को राजस्थान की पुलिस ने मध्यप्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्त में दूल्हों को लूटने वाली लुटेरी दुल्हन
राजस्थान के डुगरपुर की सांगवाड़ा पुलिस ने जबलपुर के सिविक सेंटर इलाके से एक शातिर लुटेरी दुल्हन को पकड़ने का दावा किया है। लुटेरी दुल्हन का नाम रीना ठाकुर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक रीना की एक साल से तलाश की जा रही थी उसके खिलाफ 12 दिसंबर 2021 को प्रकाश चंद्र भट्ट निवासी जोधपुरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जुलाई 2021 में एजेंट रमेश ने 5 लाख रुपए लेकर रीना ठाकुर से शादी कराई थी। रीना शादी के 7 दिन तक ससुराल में रही। इसके बाद पति के साथ जबलपुर गई और वापस लौटते वक्त रास्ते में अपने साथियों को बुलाकर पति से मारपीट करवाई और उनके साथ भाग गई। इसके बाद रीना और परेश ने अपने मोबाइल नंबर बदल लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लुटेरी दुल्हन जबलपुर में गुड्डी बर्मन नाम की महिला के साथ रह रही है जिसके बाद पुलिस ने आरक्षक को दूल्हा बनाकर जाल बिछाया।

कॉन्सटेबल को दूल्हा बनाकर जाल में फंसाया
पुलिस को जानकारी लगी थी गुड्डी बर्मन फर्जी शादी कराने का गिरोह चलाती है। जिसमें रीना उसकी सबसे शातिर शागिर्द है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और एक आरक्षक दूल्हा बनाकर शादी के लिए गुड्डी बर्मन से कॉन्ट्रेक्ट किया। गुड्डी बर्मन ने 8 लड़कियों के फोटोग्राफ ग्राहक समझकर आरक्षक को दिखाए जिनमें रीना की भी तस्वीर थी। आरक्षक ने रीनना से शादी की इच्छा जताई जिसके बाद गुड्डी ने रीना को काजल चौधरी बताकर बताया कि वो अनाथ है। इसके बाद 50 हजार रुपए लेकर आरक्षक को मिलने बुलाया। इसी दौरान पुलिस ने गुड्डी और रीना को पकड़ लिया।

32 की उम्र में 32 शिकार
जानकारी के मुताबिक रीना काफी शातिर है और शादी के सात दिन बाद ही ससुराल से सारा माल लेकर भाग निकलती थी। वो 32 साल की उम्र में 32 लोगों को अपना शिकार बना चुकी है। वो पहले भी गिरफ्तार हो चुकी है, इससे पहले भी रीना को नर्मदापुरम जिले के पिपरिया थाने में इसी तरह शादी के बाद पैसे-जेवर लेकर भागने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

Updated on:
14 May 2022 03:41 pm
Published on:
14 May 2022 03:41 pm