जयपुर

जयपुर-सीकर हाईवे पर चाय की थड़ी में घुसी तेज रफ्तार कार, एक युवक की मौत, मची अफरा-तफरी

Road Accident on Jaipur Sikar Highway: दौलतपुरा थाना इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे शराबी कार चालक ने ऐसा कहर बरपाया कि जयपुर-सीकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
2 min read
May 22, 2026
Accident on Jaipur Sikar Highway
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो: पत्रिका

Jaipur Road Accident: दौलतपुरा थाना इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे शराबी कार चालक ने ऐसा कहर बरपाया कि जयपुर-सीकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूर्य वाटिका के पास जयपुर से चौमूं की ओर जा रही तेज रफ्तार टैक्सी कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बनी चाय की थड़ी में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि वहां चाय पी रहे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि थड़ी पर चाय बना रहा कैलाश माली गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय जयपुर-सीकर हाईवे किनारे स्थित चाय की थड़ी पर कई लोग मौजूद थे। अचानक तेज रफ्तार टैक्सी लहराते हुए आई और सीधे थड़ी में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और आसपास बैठे लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस ने मृतक टाटा के गोदाम मे काम करने वाले बलराज (24) अटल निवासी धोली महार के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, गंभीर घायल कैलाश माली व एक सवारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद लोगों ने कार चालक को पकड़ा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि टैक्सी चालक शराब के नशे में धुत था और तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके चलते कार सीधे थड़ी में जा घुसी। हादसे के बाद चालक को लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने कार चालक के साथ मारपीट की। सूचना मिलते ही चौमूं व दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और अपने साथ थाने ले गए। दौलतपुरा थाना पुलिस अब कार चालक से पूछताछ में जुटी हुई है।

नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ते हादसों और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रत्यक्ष दर्शीयो का कहना है कि कार 100 मीटर दूर से ही हाईवे से उतरकर से एक बोर्ड को तोड़ते हुए थड़ी में जा घुसी।

Updated on:
22 May 2026 02:19 pm
Published on:
22 May 2026 02:19 pm