7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Bulldozer Action: 120 से अधिक निर्माण तोड़े, 80 फीट चौड़ी की सड़क; जगतपुरा जाने के लिए मिलेगा वैकल्पिक रास्ता

Jaipur JDA Bulldozer Action: नंदपुरी-गैटोर रोड और विवेक विहार रोड पर जेडीए का पीला पंजा शुक्रवार सुबह से शाम तक गरजा। इस दौरान 120 से अधिक निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
3 min read
Google source verification
Jaipur Bulldozer Action

जयपुर में 10 घंटे तक गरजा जेडीए का बुलडोजर। फोटो: पत्रिका

जयपुर। नंदपुरी-गैटोर रोड और विवेक विहार रोड पर जेडीए का पीला पंजा शुक्रवार सुबह से शाम तक गरजा। इस दौरान 120 से अधिक निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। छह धार्मिक स्थलों पर अभी जेडीए ने कार्रवाई नहीं की है। शाम को इन सभी से समझाइश का दौर चला। जेडीए की ओर से बताया गया कि धार्मिक स्थल अपने स्तर पर हटाएंगे। सुबह नौ बजे से जेडीए ने चार टीमें बनाकर कार्रवाई शुरू की।

एक टीम ने नंदपुरी-गैटोर रोड पर और दूसरी टीम ने विवेक विहार रोड पर कार्रवाई की। सड़क सीमा से अतिक्रमण हटाए गए। कुछ जगह स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया। हालांकि, पुलिस जाप्ता होने की वजह से कार्रवाई प्रभावित नहीं हुई। जेडीए रिकॉर्ड के अनुसार, उक्त सड़क मास्टर प्लान में 80 फीट चौड़ी है। करीब दो किमी में लोगों ने बाउंड्रीवाल, लॉन से लेकर कमरे और लैट-बॉथ तक बना रखे थे। कार्रवाई के दौरान इन सभी को ध्वस्त कर दिया।

जो भी अतिक्रमण थे, उनका हटा दिया गया

जेडीए में डीआइजी आनंद शर्मा ने बताया कि जयपुर ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक में यह मुद्दा उठा था। हरे कृष्णा मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए इस सड़क को मास्टरप्लान के अनुरूप विकसित की जा रही है। जो भी अतिक्रमण थे, उनका हटा दिया गया है। धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों से समझाइश की गई है।

खास-खास

-02 किमी में हुई जेडीए की कार्रवाई
-़100 से अधिक पुलिस बल रहा कार्रवाई के दौरान मौजूद
-04 टीमें बनाकर की गई कार्रवाई
-10 घंटे चली तोड़फोड़ की कार्रवाई

इन पर दूसरे चरण में कार्रवाई

-सात से आठ मकान: इनके मालिकों ने सामान निकालने का समय मांगा। जेडीए को आश्वस्त किया कि अगले कुछ दिन में सामान निकाल लेंगे।
-छह निर्माणों पर कोर्ट का स्टे हैं। स्टे को खारिज कराने के लिए जेडीए प्रक्रिया करेगा और उसके बाद कार्रवाई होगी।
-छह धार्मिक निर्माण: इसमें तीन मंदिर, एक मस्जिद-एक मजार और एक सत्संग भवन है। इनके प्रतिनिधियों से समझाइश का दौर चल रहा है।

ये होगा फायदा

जवाहर सर्कल से बालाजी मोड़ तिराहा होते हुए जगतपुरा आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। नूरानी मस्जिद से होती गेटोर, जगतपुरा से होते हुए मुख्य 100 फीट रोड पर जाकर मिलती है। यहां से जगतपुरा जा सकेंगे। 80 फीट रोड होने से जगतपुरा और फाटक के आस-पास की 40 से अधिक कॉलोनियों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बालाजी मोड़ और मॉडल टाउन से लेकर मुख्य हरे कृष्णा मार्ग (महल रोड) पर वाहनों का दबाव कम होगा। अभी सात नम्बर बस स्टैंड पर ट्रैफिक का दबाव सर्वाधिक रहता है।

गोविंद मार्ग की भी सुध लेने की जरूरत

एक तरफ जेडीए यातायात को दुुरुस्त करने लिए एक के बाद एक कार्रवाई कर रहा है, वहीं गोविंद मार्ग पर सुगम यातायात पर नगर निगम चुप्पी साधे बैठा है। मास्टरप्लान में 100 फीट की रोड पर कई जगह अतिक्रमण हैं। ऐसे में पीक ऑवर्स में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक से बात आगे नहीं बढ़ पा रही है। नगर निगम ने आदर्श नगर और मालवीय नगर जोन ने नोटिस तक जारी कर दिए हैं, लेकिन अब तक मौके पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

इनका कहना

ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक में यह मुद्दा उठा था। हरे कृष्णा मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए इस सडक़ को मास्टरप्लान के अनुरूप विकसित की जा रही है। जो भी अतिक्रमण थे, उनका हटा दिया गया है। धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों से समझाइश की गई है।
-आनंद शर्मा, डीआइजी, पुलिस, जेडीए