
पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी को बेटे ने हाईकोर्ट में बताया अवैध,पत्रिका फाइल फोटो
Mahesh Joshi Illegal Arrest Plea: राजस्थान में जल जीवन मिशन घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी को एसीबी की ओर से गिरफ्तारी को लेकर नया मोड़ आ गया है। महेश जोशी के पुत्र रोहित जोशी ने राजस्थान हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पेश कर महेश जोशी की गिरफ्तारी को अवैध ठहराते हुए राहत की मांग की है। मामले में अब हाईकोर्ट की खंडपीठ अगले सप्ताह सुनवाई करेगी।
मिली जानकारी के मुताबिक महेश जोशी के पुत्र रोहित जोशी की ओर से हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पेश कर गिरफ्तारी को अवैध ठहराया है। याचिका के अनुसार एसीबी ने मामले में बीते 7 मई को उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान एसीबी ने नियमों की अनदेखी की। नियमानुसार गिरफ्तार व्यक्ति के परिजनों को गिरफ्तारी के कारण लिखित रूप से बताए जाने जरूरी हैं लेकिन इस मामले में उनके परिजनों को इस बाबत कोई सूचना नहीं दी गई।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में प्रावधान है कि गिरफ्तारी के समय आरोपी को गिरफ्तार करने के कारणों की जानकारी लिखित रूप में उसके परिजनों को देना अनिवार्य है। याचिका में यह कहा गया कि एसीबी की ओर से लिखित में परिजनों को यह जानकारी नहीं देने से यह गिरफ्तारी स्वत: ही अवैध हो गई है। ऐसे में महेश जोशी को पुलिस रिमांड में भेजने व उसके बाद की कार्रवाई भी नियम विरूद्ध हुई है। ऐसे में उन्हें रिहा किया जाए।
राजस्थान में हुए जल जीवन मिशन घोटाले से जुड़े मामले में एसीबी ने गत 7 मई की सुबह महेश जोशी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें कुछ दिन पुलिस अभिरक्षा में रखते हुए बाद में न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल भेज दिया था। ईडी ने इससे पूर्व उन्हें इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था। करीब छह महीने से ज्यादा जेल में रहने के बाद तब उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी।
यह मामला साल 2021 में जल जीवन मिशन के तहत श्री श्याम ट्यूबवैल व श्री गणपति ट्यूबवैल के संचालकों की ओर से फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर करोड़ों रुपए के टेंडर लेने का है। घोटाला सामने आने पर एसीबी ने मामले की जांच आरंभ की और बाद ईडी में भी मामला दर्ज कर जांच लंबित है।
प्रदेश के बहुचर्चित जल जीवन मिशन घोटाले में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के पूर्व प्रमुख शासन सचिव सुबोध अग्रवाल समेत कई बड़े इंजीनियरों को एसीबी ने गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी फिलहाल जयपुर जेल में बंद हैं। वहीं अधीक्षण अभिययंता जितेंद्र शर्मा समेत कुछ आरोपी फरार हैं जिनकी एसीबी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
Updated on:
22 May 2026 01:50 pm
Published on:
22 May 2026 01:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
