
NEET PG Exam : जयपुर में बिजली गुल होने से सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर NEET-PG परीक्षा प्रभावित हुई। अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों के हंगामे के बाद 5 सितंबर को 2,445 अभ्यर्थियों की फिर परीक्षा होगी। इस पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में यह लापरवाही का बहुत गंभीर मामला है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने कहा कि मुझे लगता है कि राजस्थान सरकार को राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों में एंट्री पर रोक लगा देनी चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे स्कूलों के बारे में सच्चाई पता चलने पर उन्होंने वहां एंट्री पर रोक लगा दी थी। वे न तो तकनीकी समस्याओं को ठीक करने वाले हैं, न ही ऑडिट या वेंडर्स की जांच करने वाले हैं। इसलिए पूरे देश के सभी परीक्षा केंद्रों में एंट्री पर बस रोक लगा देनी चाहिए। जो भी बच्चे परीक्षा देने जाएं उन पर एफआइआर कर दीजिए। उससे शायद इन तकनीकी समस्याओं का समाधान मिल जाएगा।
CJP को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने कहा कि राजस्थान में यह लापरवाही का बहुत गंभीर मामला है। यही समस्या सिर्फ़ 10 दिन पहले AYUSH PG परीक्षा में हुई थी, और अब फिर से NEET PG परीक्षा में हुई है। ऐसा लगता नहीं कि वे ढांचागत समस्याओं को ठीक करने में दिलचस्पी रखते हैं।
सरकार पर निशान साधते हुए आशुतोष रांका कहते हैं कि आप तो अपनी सारी ऊर्जा मारपीट करने, हिंसा फैलाने व एफआइआर करने में लगा देते हैं। तो समस्या का समाधान कैसे होगा? समस्या समाधान तब होगा जब छात्र सड़कों पर उतरेंगे, विरोध प्रदर्शन करेंगे। क्योंकि सरकार का दिमाग सच्चाई को छुपाने में है, तकनीकी समस्याओं का निदान करने में नहीं है।
नेशनल बोर्ड आफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज का कहना है कि राजस्थान के जयपुर में दो परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। जयपुर के आईऑन डिजिटल जोन, आईडीजेड, सीतापुरा केंद्रों, परीक्षा केंद्र संख्या 41682 और 41683 पर आंतरिक बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या सामने आई। इसके कारण वहां परीक्षा दे रहे 2,445 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। बोर्ड के अनुसार, यह समस्या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी टीसीएस लिमिटेड से संबंधित आंतरिक बिजली आपूर्ति व्यवस्था के कारण हुई।
बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है और कहा है कि उनके साथ किसी प्रकार का नुकसान न हो, इसके लिए उन्हें दोबारा परीक्षा देने का समान अवसर दिया जाएगा। जयपुर के दोनों प्रभावित केंद्रों के सभी 2,445 अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में आयोजित की जाएगी। पुन परीक्षा के केंद्र और अन्य जरूरी निर्देश संबंधित अभ्यर्थियों को अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे।
जयपुर के एक महिला कॉलेज में 22 अगस्त को आयुर्वेद पीजी प्रवेश परीक्षा की पहली शिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई थी। बहुत सारे कम्प्यूटर बंद हो गए थे। इसके बाद अभ्यर्थियों ने सेंटर के बाहर हंगामा किया। तब NTA ने पहली शिफ्ट के आयुर्वेदिक पीजी एंट्रेंस परीक्षा में हुए टेक्विकनल एरर के बाद परीक्षा नहीं दे पाने वाले 49 स्टूडेंट्स के लिए 1 सितंबर को वापिस से परीक्षा करवाने की घोषणा की है। यह परीक्षा राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन जयपुर के सेंटर पर होगा।