जयपुर

गर्भवती से छेड़छाड़ करने वाला दाढ़ी-मूंछ कटा के पहुंचा कोर्ट, मुरैना कोर्ट में किया सरेंडर, लाएंगे जयपुर

Jaipur Molestation Case: जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहा आरोपी राहुल गुर्जर बुधवार को मुरैना की अदालत में सरेंडर करने पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, राहुल ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कोर्ट पहुंचने से पहले हुलिया बदल लिया था।
2 min read
Apr 16, 2026
गर्भवती से छेड़छाड़ का आरोपी राहुल गुर्जर पहले और अब, पत्रिका फोटो
गर्भवती से छेड़छाड़ का आरोपी राहुल गुर्जर पहले और अब, पत्रिका फोटो

Jaipur Molestation Case: जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहा आरोपी राहुल गुर्जर बुधवार को मुरैना की अदालत में सरेंडर करने पहुंच गया। आरोपी सुबह करीब 11 बजे जिला न्यायालय में पेश हुआ, जहां उसके वकील ने एक साल पुराने डकैती मामले में अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कराया।
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कोर्ट पहुंचने से पहले हुलिया बदल लिया था। वायरल वीडियो में वह दाढ़ी-मूंछ में नजर आया था, लेकिन सरेंडर से पहले उसने क्लीन शेव करवा ली, ताकि उसे आसानी से पहचाना न जा सके।

यह है पूरा मामला

राहुल गुर्जर का नाम हाल ही में जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में गर्भवती महिला से अभद्रता के वायरल वीडियो के बाद सुर्खियों में आया था। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। इसी दौरान मुरैना जिले के रिठौरा थाने में दर्ज वर्ष 2018 के एक डकैती मामले का रिकॉर्ड भी सामने आया।

उस केस में राहुल पहले गिरफ्तार हो चुका था और बाद में जमानत पर रिहा हो गया था, लेकिन पिछले एक साल से वह लगातार कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। लगातार गैरहाजिरी के चलते उसे न्यायालय द्वारा फरार घोषित कर दिया गया था। इसी लंबित कार्रवाई के दबाव में उसने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। उसके सरेंडर की खबर फैलते ही कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ग्वालियर से लेकर पहुंचेगी पुलिस

डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा के अनुसार पुलिस आरोपी राहुल राज को ग्वालियर से जयपुर लाएगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल उर्फ राज ग्वालियर के बिजौली क्षेत्र के सरसपुरा गांव का निवासी है। उसके एक साथी शुभम उर्फ सिद्धार्थ को भी जयपुर से हिरासत में लिया गया है, जो शहर में स्पा सेंटर चलाता था। पुलिस ने उसे शरण देने के मामले में पकड़ा है और उससे पूछताछ की जा रही है।
आरोपी राहुल के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और मारपीट सहित करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है। गौरतलब है कि 25 मार्च की शाम को जयपुर के मालवीय नगर सेक्टर-9 में एक गर्भवती महिला के साथ अभद्रता की घटना हुई थी, जो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

Updated on:
16 Apr 2026 06:51 am
Published on:
16 Apr 2026 06:51 am