
Rajasthan Weather News: राजस्थान में मानसून की मेहरबानी से लगातार बारिश हो रही है। उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर आज भी परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से गुजर रही है। सोमवार को जयपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, जोधपुर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
जबकि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 5-6 दिन मध्यम से तेज व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में 2-4 सितंबर गिरावट होने की संभावना है।
आगामी 24 घंटे में बंगाल की खाड़ी में एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से दक्षिणी भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में 4 से 7 सितंबर के दौरान पुनः बढ़ोतरी होने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग ने अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर और खैरथल-तिजारा जिलों में भारी बारिश के संकेत दिए हैं। जबकि अजमेर, बांसवाड़ा, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, नागौर और पाली जिलों में मध्यम से हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटो में जोधपुर में अत्यंत भारी, झालावाड़, बीकानेर, प्रतापगढ़, जालौर में अतिभारी दर्ज की गई। वहीं, पाली,झुंझुनूं, करौली, हनुमानगढ़, राजसमंद, अलवर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा व सीकर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश चामू (जोधपुर) में 211 मिमी. दर्ज की गई।